Asia Cup 2025: भारत-पाक मैच को लेकर गांगुली के बयान से मचा बवाल, सोशल मीडिया पर बहस तेज
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 का शेड्यूल जारी हो चुका है और भारत-पाकिस्तान का हाई वोल्टेज मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा।
दोनों टीमें ग्रुप A में शामिल हैं, जिससे यह भिड़ंत ग्रुप स्टेज में ही तय हो गई है। हालांकि देश में हालिया घटनाओं के मद्देनज़र इस मैच को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
इस बीच टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली का बड़ा बयान सामने आया है, जिसने फैंस के बीच बहस को और हवा दे दी है।

गांगुली ने क्या कहा?
सौरव गांगुली ने भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर कहा:
“मुझे इससे कोई समस्या नहीं है। खेल चलते रहना चाहिए। पहलगाम में जो हुआ, वो नहीं होना चाहिए, लेकिन खेल जारी रहना चाहिए।
आतंकवाद नहीं होना चाहिए, इसे रोका जाना चाहिए। भारत ने आतंकवाद के प्रति कड़ा रुख अपनाया है।”
गांगुली के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
कई यूज़र्स ने उनके बयान को ‘भावनाओं के खिलाफ’ बताया और कहा कि खेल से पहले देश की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।
क्यों है विवाद?
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े पाए गए थे। इसके बाद भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी।
हाल ही में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत के पूर्व खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के साथ खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके चलते वह मैच रद्द करना पड़ा था।
इसी पृष्ठभूमि में भारत-पाकिस्तान के बीच एशिया कप मुकाबले की घोषणा को लेकर नाराज़गी जताई जा रही है।
Asia Cup 2025: ग्रुप डिवीजन

ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, यूएई, ओमान
ग्रुप B: बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, हांगकांग
-
टूर्नामेंट की शुरुआत: 9 सितंबर (अफगानिस्तान बनाम हांगकांग)
-
भारत का पहला मैच: 10 सितंबर बनाम यूएई
-
भारत-पाकिस्तान मुकाबला: 14 सितंबर
-
ग्रुप स्टेज समाप्ति: 19 सितंबर
-
सुपर-4 स्टेज: 20 सितंबर से
-
फाइनल मुकाबला: 28 सितंबर

