Asia Cup 2025: भारत-पाक महामुकाबला पड़ा फीका, टिकट बिक्री धीमी देख ACC ने घटाई कीमतें
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 में सबसे बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) ने एक अहम फैसला लिया है।
14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले इस हाई-प्रोफाइल मैच की टिकटों की बिक्री उम्मीद के अनुरूप नहीं रही, जिसके बाद टिकट की कीमतों में आंशिक कटौती की गई है।
ACC ने मानक टिकटों की कीमत 475 दिरहम (लगभग ₹11,400) से घटाकर 350 दिरहम (लगभग ₹8,400) कर दी है, जिससे आम दर्शकों की भागीदारी बढ़ सके।

पहलगाम आतंकी हमले का पड़ा असर?
भारत में हाल ही में पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद क्रिकेटप्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं।
सोशल मीडिया और कुछ पूर्व क्रिकेटरों ने इस मैच के बहिष्कार की मांग की है। हालांकि, BCCI और भारतीय टीम ने टूर्नामेंट से पीछे हटने से इनकार किया है।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि टीम पूरी तरह से मुकाबले के लिए तैयार है और खिलाड़ी मैदान पर पूरा प्रदर्शन करने को लेकर प्रतिबद्ध हैं।
प्रीमियम टिकटों की बिक्री उम्मीद से कम
पिछले भारत-पाकिस्तान मुकाबलों की तरह इस बार टिकटों की तेजी से बिक्री नहीं हो रही है, खासकर प्रीमियम और VIP सीटों की।
हालांकि, एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के एक अधिकारी ने टिकट बिक्री में गिरावट की खबरों को खारिज किया है।
ECB के एक सूत्र ने कहा:
“यह कहना गलत है कि टिकट नहीं बिक रहे। बिक्री लगातार चल रही है, लेकिन शुरुआती जोश वैसा नहीं रहा जैसा पहले हुआ करता था।”
भारत-पाक क्रिकेट तनाव की पृष्ठभूमि में
भारत और पाकिस्तान के बीच इस समय राजनीतिक और सैन्य तनाव भी चरम पर है। अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया, वहीं पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन हमलों के आरोप लगे।
इसी बीच, लिजेंड्स क्रिकेट लीग 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया था।
फिर भी, ACC ने भारत और पाकिस्तान को एशिया कप 2025 में एक ही ग्रुप में रखा, जिसे लेकर आलोचना भी हुई।
BCCI ने सरकार की नीति को बताया मार्गदर्शक
पाकिस्तान के साथ खेलने पर उठ रहे सवालों को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पष्ट किया है कि वह भारत सरकार की विदेश नीति का पालन करता है। BCCI के अनुसार:
-
भारत बहुपक्षीय टूर्नामेंट (जैसे एशिया कप, वर्ल्ड कप) में पाकिस्तान से खेल सकता है।
-
लेकिन द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज (जैसे केवल भारत-पाक सीरीज) अब भी प्रतिबंधित है।
भारत-पाक क्रिकेट: एक सीमित रिश्ता
भारत और पाकिस्तान के बीच 2012 के बाद से कोई द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला नहीं खेली गई है। आखिरी बार पाकिस्तान ने भारत का दौरा कर एकदिवसीय सीरीज़ 2-1 से जीती थी।
इसके बाद दोनों टीमें केवल ICC और ACC टूर्नामेंटों में आमने-सामने होती रही हैं। हाल ही में हुए टी20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत ने पाकिस्तान को हराया था।
Also Read: क्या हरभजन सिंह को BCCI में मिलेगा बड़ा पद? एशिया कप के बीच चौंकाने वाला फैसला

