Lucknow News: बीडीसी की शिकायत पर सहायक अध्यापिका को किया गया निलंबित
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) के बच्चों को प्राथमिक विद्यालय की अध्यापिका ने स्कूल से भगाने के साथ उनके साथ दुर्व्यहार किया था। जिसकी शिकायत पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से की थी। इसके बाद अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के आरोपों को सही पाते हुए सहायक अध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कैथुलिया निवासी बीडीसी सदस्य रामलखन की पत्नी बबली के बच्चे गांव के प्राथमिक विद्यालय स्कूल में पढ़ने जाते हैं। जिन्हें स्कूल में कार्यरत सहायक अध्यापिका विजय कुमारी ने 27 जुलाई को रामलखन को स्कूल बुला कर बच्चों को स्कूल न भेजने की बात कह अपमानित कर भगा दिया था। इसकी शिकायत रामलखन की पत्नी बबली ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में एक अगस्त को उच्चाधिकारियों से की थी। शिकायत की जांच अधिकारियों द्वारा की गयी। लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसके बाद रामलखन ने आईजीआरएस के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करायी। इसमें शिकायतकर्ता की शिकायतें सही पाई गयी।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मलिहाबाद ने अपनी जांच आख्या 22 सितम्बर को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रेषित कर दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विपिन कुमार ने खण्ड शिक्षा अधिकारी मलिहाबाद की जांच आख्या की रिपोर्ट के आधार पर एक अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से सहायक अध्यापिका विजय कुमारी को निलंबित कर खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लखनऊ को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
शिक्षामित्र को दिया गया कार्यभार
सहायक अध्यापिका विजय कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने एक अक्टूबर को पत्र जारी कर शिक्षा मित्र कंचन लता को कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिये। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के आदेश के बाद शुक्रवार को शिक्षा मित्र कंचन लता ने कार्यभार ग्रहण कर लिया हैं।
रिपोर्ट- सुरेन्द्र कुमार
Also Read: सर सैयद दिवस समारोह का आयोजन 17 अक्टूबर को

