अमेरिका में यहूदियों के प्रदर्शन पर हमला, इजरायल के UN राजदूत ने की घटना की निंदा

Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका के कोलोराडो राज्य के बोल्डर शहर में एक शांतिपूर्ण यहूदी प्रदर्शन पर हुए हमले को लेकर इजरायल के संयुक्त राष्ट्र में राजदूत, डैनी डैनन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस हमले को यहूदियों के खिलाफ आतंकवाद करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

यह हमला उस समय हुआ जब रन फॉर देयर लाइव्स नामक संगठन ने गाजा में हमास द्वारा बंधक बनाए गए लोगों की सुरक्षित रिहाई की मांग को लेकर प्रदर्शन आयोजित किया था। इस दौरान एक व्यक्ति ने प्रदर्शनकारियों पर मोलोटोव कॉकटेल (पेट्रोल बम) फेंके, जिससे कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने हमलावर की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद साबरी सोलिमान के रूप में की है, जिसे घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि सोलिमान मिस्र का नागरिक है और अमेरिका में वीज़ा अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से रह रहा था।

इस भयावह हमले के बाद, डैनी डैनन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, यहूदियों के खिलाफ आतंकवाद केवल गाजा सीमा तक सीमित नहीं है अब यह अमेरिका की सड़कों तक पहुँच चुका है। बोल्डर में यहूदी लोगों ने बंधको को वापस करने की मांग के साथ एक नैतिक और मानवीय मार्च निकाला था। इसके जवाब में उन पर क्रूरता से हमला किया गया। यह कोई राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि आतंकवाद है। वक्त बयानबाज़ी का नहीं, ठोस कार्रवाई का है।

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के अनुसार, सोलिमान ने प्रदर्शन के दौरान फ्री फिलिस्तीन और ज़ायोनिस्ट्स को खत्म करो वे ही असली आतंकवादी हैं जैसे नारे लगाते हुए, अपने हाथ में लिए अस्थायी फ्लेमथ्रोवर से लोगों पर हमला किया। उस समय वह केवल जींस और चश्मा पहने हुए था, जिससे उसके इरादों की स्पष्ट झलक मिलती है। घटना के बाद पीयरल स्ट्रीट मॉल – जो बोल्डर शहर का लोकप्रिय व्यावसायिक इलाका है अफरातफरी और भय का केंद्र बन गया। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को पकड़ लिया।

Also Read: लखनऊ में बकरीद को लेकर 12 प्वाइंट्स की एडवाइजरी जारी, मौलाना फिरंगी महली ने की खास अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.