Lucknow News: बलरामपुर अस्पताल में इलाज कराने आई युवती से दुष्कर्म की कोशिश, आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में इलाज के लिए आई एक 18 साल की युवती के साथ अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने शर्मनाक हरकत की। आरोप है कि कर्मचारी ने युवती को जबरन शौचालय में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस घटना के बाद, पीड़ित के पिता ने वजीरगंज थाने में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित युवती के पिता, जो काकोरी के रहने वाले हैं, ने बताया कि उनका बेटा घायल था और वे पूरे परिवार के साथ बलरामपुर अस्पताल इलाज कराने आए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे, उनकी बेटी अस्पताल परिसर में बने शौचालय में गई थी।
पिता के अनुसार, उनकी बेटी के शौचालय जाते ही अस्पताल का कर्मचारी अनिल कुमार वहाँ पहुँचा और जबरन उसका हाथ पकड़कर उसे शौचालय के अंदर खींच लिया। अंदर ले जाकर उसने दरवाजा बंद कर दिया और युवती के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती ने किसी तरह खुद को बचाया और वहाँ से भागकर अपने परिवार वालों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद, पीड़ित के पिता ने तुरंत वजीरगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले की जाँच शुरू कर दी है और आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अस्पताल प्रशासन से भी इस घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।
Also Read: पैगंबर मुहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम का जीवन पूरी इंसानियत के लिए आदर्श: मौलाना बिलाल नोमानी

