दिल्ली में तेज रफ्तार ऑडी का कहर, फुटपाथ पर सो रहे 5 लोगों को कुचला

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली के साउथ वेस्ट जिले के वसंत विहार इलाके में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार ऑडी कार ने फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को बुरी तरह कुचल दिया, जिसमें आठ साल की एक बच्ची भी शामिल है। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद यह बेकाबू ऑडी एक खड़े ट्रक से भी जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे की है। मुनिरका फ्लाईओवर के नीचे शिवा कैंप के सामने फुटपाथ पर लाधी (40), बिमला (8), सबामी उर्फ चिरमा (45), नारायणी (35), और रामचंद्र (45) गहरी नींद में सो रहे थे। तभी अचानक तेज गति से आ रही एक ऑडी कार अनियंत्रित हो गई और इन सभी को रौंदते हुए फरार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान एक राहगीर ने हिम्मत दिखाते हुए कार का नंबर नोट कर लिया और पीड़ित परिवार को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की। इसी बीच, शंकर विहार आर्मी कैंप के पास एक और सड़क हादसे की खबर मिली, जहां एक ऑडी कार ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मारी थी। वहां गश्त कर रहे सेना के जवानों ने ऑडी चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस ने कार का नंबर जांचा, तो यह पुष्टि हो गई कि यह वही कार थी जिसने वसंत विहार में फुटपाथ पर सो रहे लोगों को कुचला था।

आरोपी की पहचान द्वारका निवासी उत्सव शेखर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने (IPC 279, 338, 304A) का मामला दर्ज किया है। पीड़ित सबामी ने पुलिस को बताया कि वे सभी राजस्थान के निवासी हैं और दिल्ली में मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं।

Also Read: दिग्गज अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की आयु में निधन, सीएम ने जताया दुख

Get real time updates directly on you device, subscribe now.