Jaunpur News: गांव में रहस्यमय ड्रोन उड़ने से ग्रामीणों में भय, पुलिस की चुप्पी पर उठे सवाल
Jaunpur News: जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों में पिछले कुछ दिनों से आसमान में उड़ रहे रहस्यमय ड्रोन ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ये अज्ञात ड्रोन रात के अंधेरे में घरों के ऊपर मंडराते देखे जा रहे हैं, लेकिन पुलिस या प्रशासन की तरफ से कोई स्पष्टीकरण न मिलने से लोगों का डर और भी बढ़ गया है। ग्रामीण इन ड्रोनों की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।
ड्रोन घरों के ऊपर मंडराते है
बताया जाता है कि इस रहस्यमय घटना की शुरुआत 18 अगस्त को बदलवा गांव से हुई, जब पहली बार आसमान में एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद 28 अगस्त को बेलवा बाजार के पास शिवपुर/ब्रह्मदेवा गांव में रात करीब 8:15 बजे दो ड्रोन मंडराते देखे गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ये ड्रोन काफी देर तक गांव के उत्तरी हिस्से में घरों के ऊपर मंडराते रहे।
जब तक ग्रामीण अपने मोबाइल से उनकी तस्वीरें ले पाते, वे अलग-अलग दिशाओं में गायब हो गए। गांव वालों ने बताया कि रात में तस्वीरें स्पष्ट नहीं आ पाई हैं।
शिवपुर ब्रह्मदेव गांव में पहली बार इस तरह की घटना होने से लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन लोगों का आरोप है कि पुलिस की तरफ से कोई भी टीम मौके पर नहीं पहुंची और न ही कोई जांच शुरू की गई। पुलिस की इस चुप्पी ने लोगों के संदेह को और गहरा कर दिया है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
जंगी सिंह गर्ल्स कॉलेज के संचालक डी.एन. पाण्डेय ने कहा, “अगर ये ड्रोन किसी निजी या व्यावसायिक काम के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं, तो प्रशासन को तुरंत इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए। पुलिस की चुप्पी से लोगों का डर बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की गहनता से जांच कराने और गांव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की अज्ञात गतिविधियां सुरक्षा के लिए खतरा हो सकती हैं, और इस पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए।
रिपोर्ट- दीपक सिंह
Also Read: Lucknow News: वोटर अधिकार यात्रा पर केशव मौर्य का तंज, घुसपैठियों को खुश करने का बताया जरिया

