Auraiya News: स्कूल में ही बंद रह गई 4 साल की बच्ची, रोने की आवाज सुन ग्रामीणों ने बचाया, वीडियो वायरल
Auraiya News: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक चौंकाने वाली लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक चार साल की मासूम बच्ची तन्नू स्कूल के अंदर क्लासरूम में बंद रह गई तथा जब वह डर के मारे रोने लगी तो ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनी और तत्काल स्कूल स्टाफ को सूचना देकर बच्ची को बाहर निकाला गया। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
रोती बच्ची की आवाज से टूटा सन्नाटा
दरअसल यह मामला अछल्दा ब्लॉक के कान्हों गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पढ़ने वाला छात्र प्रांशु अपनी 4 वर्षीय बहन तन्नू को स्कूल लेकर आया था। वहीं दोपहर को छुट्टी के समय सभी छात्र और शिक्षक स्कूल से चले गए, लेकिन क्लास रूम में बंद रह गई तन्नू को कोई नहीं देख पाया।
वहीं ये छोटी बच्ची जब काफी देर तक स्कूल में अकेली रही, तो डर के मारे रोने लगी। जिसके बाद उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्होंने देखा कि बच्ची स्कूल के अंदर बंद है। तुरंत स्कूल के एक अध्यापक को सूचना दी गई, जिन्होंने पहुंचकर स्कूल का ताला खोला और बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।

वीडियो वायरल, जांच के आदेश
वहीं इस घटना का वीडियो एक ग्रामीण द्वारा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। जिसके बाद इस वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), औरैया ने तत्काल मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
BSA औरैया ने कहा है कि, घटना की जानकारी मिलते ही जांच के निर्देश दिए गए हैं। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले की जांच की जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी (ABSA), अछल्दा को सौंपी गई है।
विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
हालांकि बताया जा रहा है कि बच्ची अब सुरक्षित है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शिक्षा विभाग की लापरवाही और स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूल में ताला लगाने से पहले बच्चों की उपस्थिति की पुष्टि क्यों नहीं की गई, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
Also Read: Deoria News: मेडिकल कॉलेज की पानी टंकी में मिला सड़ा हुआ शव, बदबू आने पर हुआ खुलासा

