Auraiya News: पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण संपन्न, नई शिक्षण विधियों से होंगे बच्चे लाभान्वित

Auraiya News: बीआरसी अजीतमल में आयोजित पांच दिवसीय फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को नई शिक्षण विधियों से अवगत कराना और बच्चों की भाषा व गणित की समझ को सरल और रोचक ढंग से विकसित करना रहा। यह प्रशिक्षण जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार और बीईओ अजीतमल प्रवीन कुमार के निर्देशन में आयोजित किया गया, जिसमें दो बैचों में लगभग 100 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

शिक्षकों को मिला नया नजरिया

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि शिक्षा की मजबूत नींव रखने के लिए बच्चों को भाषा और गणित की जटिलताओं को आसान तरीकों से समझाना बेहद जरूरी है। एसआरजी सुभाष रंजन द्विवेदी ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण न केवल शिक्षकों को सशक्त बनाते हैं बल्कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा की गुणवत्ता को भी नई दिशा देंगे। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि प्रशिक्षण में मिली सीख को कक्षा में लागू करें ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें।

विशेष सत्र रहे आकर्षण का केंद्र

प्रशिक्षण के अंतिम दिन भारतीय ज्ञान प्रणाली और अंग्रेजी की नई पाठ्यपुस्तक पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें एआरपी अनुपम शुक्ला, विनीत गुप्ता, शैलेंद्र बाबू पाल तथा केआरपी मनोज कुमार और बलवीर सिंह ने शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान संतूर कार्यपुस्तिका के महत्व और उपयोग पर चर्चा की गई, जिसमें मोटर विकास, अध्याय की अवधारणाओं और खेल-खेल में सीखने की विधियों पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण में प्रथम संस्था के मुकेश कुमार ने भी गहरी विषय समझ विकसित करने में योगदान दिया। वहीं बीआरसी स्टाफ के विशाल कुमार, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र और अमन ने तकनीकी सहयोग देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

Also Read: Jaunpur News: ‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’, भारत-पाकिस्तान मैच पर बोले भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.