Siddharth Nagar News : विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जागरूकता रैली, डॉ. अनूप बोले – दो बच्चों के बीच अंतर जरूरी
Siddharth Nagar News : जनसंख्या नियंत्रण और बेहतर पारिवारिक स्वास्थ्य को लेकर जनपद सिद्धार्थनगर के नौगढ़ तहसील परिसर में शुक्रवार को विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को सदर विधायक कपिल वस्तु श्यामधनी राही और डुमरियागंज सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रैली तहसील प्रांगण से निकलकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नौगढ़ तक गई, जहां लोगों को परिवार नियोजन के महत्व की जानकारी दी गई।
परिवार नियोजन से स्वस्थ मां और बच्चे की नींव
इस मौके पर पीएचसी नौगढ़ के अधीक्षक डॉ. अनूप जायसवाल ने कहा कि –
“परिवार नियोजन न सिर्फ जनसंख्या नियंत्रण का साधन है, बल्कि यह मां और बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य के लिए भी बेहद जरूरी है। दो बच्चों के बीच उचित अंतर होना चाहिए, ताकि मां को भी स्वस्थ रहने का समय मिले और बच्चा भी ठीक से पोषित हो सके।”
विकल्प भी उपलब्ध, सुविधा भी मुफ्त
डॉ. जायसवाल ने बताया कि सरकार की ओर से परिवार नियोजन के कई विकल्प मुफ्त में उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
-
पुरुषों के लिए कंडोम
-
महिलाओं के लिए कॉपर-टी, माला-एन टैबलेट और अंतरा इंजेक्शन
ये सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जो दंपत्ति स्थायी समाधान चाहते हैं, उनके लिए पुरुष और महिला नसबंदी की सुविधा भी मौजूद है। नसबंदी कराने पर सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।
स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भागीदारी
इस कार्यक्रम में उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. संजय गुप्ता, एमओआईसी डॉ. अनूप जायसवाल, मान सिंह, शत्रुघ्न यादव, रवि चौधरी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित कई लोग शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य सिर्फ जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि परिवार नियोजन को लोगों के व्यवहार में लाना है।
रिपोर्ट – जाकिर खान
Also Read : अहमदाबाद, जयपुर समेत कई शहरों में ED की…

