Axiom-4 मिशन: अंतरिक्ष से आज लौटेंगे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, लखनऊ में घरवालों की दुआएं और इंतज़ार
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से 18 दिन के सफल मिशन के बाद सोमवार को धरती पर लौटेंगे। वह Axiom-4 मिशन के तहत तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ इस ऐतिहासिक यात्रा पर गए थे। अब कुछ ही घंटों में उनकी वापसी की प्रक्रिया शुरू होने वाली है।
इधर लखनऊ स्थित उनके घर में उत्साह, गर्व और भावुक इंतज़ार का माहौल है। शुभांशु के पिता शंभू दयाल शुक्ला और मां आशा शुक्ला बेटे की सुरक्षित वापसी की दुआओं में लीन हैं।

एक समाचार एजेंसी से बातचीत में पिता ने कहा, “हम बहुत उत्साहित हैं। बेटे के स्वागत के लिए तैयार हैं। आज शाम को उनका अनडॉकिंग होगा, यह हमारे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि उनका मिशन पूरा हो गया।”
उन्होंने बताया कि आज सुबह पूरा परिवार मंदिर गया और घर पर पूजा-अर्चना की गई।
“हमने भोलेनाथ से प्रार्थना की है कि बेटा और उसके साथी सुरक्षित लौटें। हमें उस पर बहुत गर्व है। कभी नहीं सोचा था कि हमारा बेटा एक दिन अंतरिक्ष तक जाएगा। आज हम उसी के नाम से पहचाने जा रहे हैं, इससे बड़ी बात क्या होगी?”

शुभांशु की मां आशा शुक्ला ने भावुक होकर कहा, “ईश्वर से यही दुआ है कि वह सफलतापूर्वक मिशन पूरा कर के जल्द से जल्द धरती पर लौटे और हमसे आकर मिले। हम उसका भव्य स्वागत करेंगे।”
बेटे की इस उपलब्धि ने सिर्फ परिवार ही नहीं, पूरे लखनऊ और देश को गर्व से भर दिया है। शुभांशु की वापसी के साथ ही भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम एक और सफल अध्याय जोड़ने जा रहा है।
Also Read: मुजफ्फरनगर में STF को बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में माफिया मुख्तार अंसारी गिरोह का शूटर शाहरुख पठान ढेर

