ईरान-इजरायल संघर्ष थमने के बाद अयातुल्ला खामेनेई की चुप्पी ने बढ़ाई बेचैनी

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान और इजरायल के बीच जारी टकराव भले ही युद्धविराम पर आकर थम गया हो, लेकिन अब एक नया सवाल अंतरराष्ट्रीय हलकों में चर्चा का विषय बन गया है, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई कहां हैं?

लगातार एक सप्ताह से खामेनेई न तो सार्वजनिक रूप से दिखाई दिए हैं, और न ही कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। उनकी इस अनुपस्थिति ने विदेशी मीडिया में हलचल मचा दी है। ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ और ‘टाइम्स ऑफ इजरायल’ जैसी प्रतिष्ठित मीडिया संस्थाएं अब उनकी स्थिति पर सवाल उठा रही हैं।

क्या खतरे में हैं खामेनेई

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान-इजरायल संघर्ष 13 जून से तेज़ हुआ था और उसी समय से खामेनेई सार्वजनिक मंच से गायब हैं। कुछ सूत्रों का मानना है कि उन्हें किसी सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है, और उनकी सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कयास ये भी हैं कि यरुशलम (इजरायल) द्वारा उनकी हत्या की आशंका के चलते उन्हें नजरों से दूर रखा गया है।

इंटरव्यू में इशारों से जवाब, तस्वीरें बनीं संकेत

न्यूयॉर्क टाइम्स ने जब इस बारे में खामेनेई के आर्काइव ऑफिसर मेहदी फजाएली से सवाल किया, तो उन्होंने केवल इतना कहा, हमें उनके लिए प्रार्थना करनी चाहिए। उनकी सुरक्षा टीम अपना काम कर रही है। हम आशा करते हैं कि लोग उनके साथ जीत का जश्न मना सकें। वहीं, तेहरान की एक रैली में महिलाओं को खामेनेई की तस्वीरें पकड़े देखा गया, जो आमतौर पर तभी होता है जब नेता कोई सार्वजनिक संदेश दें। लेकिन इस बार किसी तरह का संदेश नहीं आया, जिससे स्थिति और अधिक असामान्य हो गई।

उत्तराधिकारी पर भी चर्चा तेज

अयातुल्ला खामेनेई की उम्र 86 वर्ष हो चुकी है। उनकी लंबे समय तक अनुपस्थिति ने अब उनके उत्तराधिकारी को लेकर अटकलों को भी जन्म दे दिया है। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि ईरान के भीतर ही सत्ता परिवर्तन की कोशिशें शुरू हो चुकी हैं। खासकर ईरान के उदारवादी धड़े का मानना है कि खामेनेई की कट्टर नीतियों के कारण ही देश को इजरायल के साथ सीधे टकराव में झोंका गया।

Also Read: Siddharth Nagar: व्यापारियों की बैठक में समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.