Ayodhya: अपर्णा यादव का मिल्कीपुर में जोरदार स्वागत, कहा-  महिलाओं की सुरक्षा में UP देश में नंबर वन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव का रविवार को मिल्कीपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। वह अयोध्या से लखनऊ की ओर जाते समय रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते मिल्कीपुर पहुंचीं, जहां पेट्रोल पंप चौराहे पर उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।

ग्राम पंचायत पलिया लोहानी के प्रधान अभिषेक सिंह भोला के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में मिल्कीपुर के भाजपा विधायक चंद्रभानु पासवान, गन्ना समिति मसौधा के अध्यक्ष संतोष सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलों की वर्षा, रामलला की तस्वीर और प्रतीक रूप में तलवार भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान अपर्णा यादव ने मीडिया से भी बात की और प्रदेश की उपलब्धियों को लेकर अपनी बातें रखीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मामले में उत्तर प्रदेश आज पूरे देश में पहले स्थान पर है। 2018 तक हम देश में आठवें या नौवें पायदान पर थे, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार सुधार हुआ है और आज हम नंबर वन पर हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की भी सराहना की और कहा कि उनकी कड़ी मेहनत और सरकार की नीतियों का परिणाम है कि आज महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।

समस्याओं के निस्तारण का मिला भरोसा

पत्रकारों द्वारा जब मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में किसानों की समस्याओं पर सवाल उठाया गया, खासकर सुल्तानपुर यूनाइट ब्रांच नहर में पानी की कमी और बिजली संकट को लेकर, तो अपर्णा यादव ने आश्वस्त किया कि इन समस्याओं को वह केंद्र सरकार के सामने मजबूती से रखेंगी। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने किसानों के लिए जो कार्य किए हैं, चाहे वह कर्ज माफी हो या अन्य योजनाएं, वह अभूतपूर्व हैं। लेकिन जो समस्याएं अभी भी बाकी हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।”

कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय नेताओं जैसे सरजू दुबे, बृजेश पांडेय, विनोद सिंह, दिनेश सिंह, लालजी सिंह, विनीत सिंह, शांति देवी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। अपर्णा यादव का यह दौरा राजनीतिक रूप से भी खास माना जा रहा है, क्योंकि इससे भाजपा की जमीनी पकड़ और महिला मतदाताओं से जुड़ाव को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read: ‘ये बुलडोजर मोहब्बत वाला…’, झांसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का कुछ इस…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.