अयोध्या: रामलला का भव्य अभिषेक आज, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी करेंगे ध्वजारोहण

Sandesh Wahak Digital Desk: श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आज प्रतिष्ठा द्वादशी का पावन उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी तिथि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी, जिसकी दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘पाटोत्सव’ के अंतर्गत आज विशेष अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का मुख्य विवरण

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज सुबह 11:00 बजे अयोध्या पहुंचेंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रामलला का विशेष अभिषेक, यज्ञ और हवन संपन्न होगा। रक्षा मंत्री मंदिर के परकोटा में स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। अनुष्ठान के पश्चात वह अंगद टीला परिसर में आयोजित एक समारोह को संबोधित करेंगे और मंदिर निर्माण कार्यों का अवलोकन भी करेंगे। दोपहर 3:20 बजे वह दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

उत्सव और सुरक्षा के इंतजाम

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ को लेकर पूरी धर्मनगरी ‘राममय’ हो चुकी है। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अयोध्या को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष कतारों और सुगम आवागमन की व्यवस्था की गई है ताकि उत्सव के दौरान आम भक्तों को असुविधा न हो। अयोध्या के मठ-मंदिरों में भजन-कीर्तन, रामकथा और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से उत्सव का उल्लास चरम पर है।

प्रतिष्ठा द्वादशी का महत्व

शास्त्रों के अनुसार, जिस तिथि पर मंदिर में विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होती है, उस तिथि को प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में प्रतिवर्ष मनाया जाता है। पाटोत्सव के माध्यम से भगवान के विग्रह की शक्ति और मंदिर की पवित्रता को अक्षुण्ण रखने के लिए विशेष पूजन किए जाते हैं।

 

Also Read: UP Police: महिला पुलिसकर्मियों को मिलेंगी स्कूटी और मोबाइल, मिशन शक्ति 5.0 के तहत बड़ा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.