अयोध्या जेल की दीवार फांदकर दो कैदी फरार, जेल अधीक्षक समेत 7 सस्पेंड

Ayodhya News: रामनगरी की हाई-प्रोफाइल सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिला कारागार से दो बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैदियों ने बेहद शातिर तरीके से बैरक की सुरक्षा घेरे को तोड़ा और अंधेरे का फायदा उठाकर जेल की चारदीवारी पार कर ली। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।

डीआईजी जेल एके मैत्रेय की शुरुआती जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो किसी थ्रिलर फिल्म जैसी हैं। दोनों बंदी विशेष बैरक नंबर 4 में बंद थे। उन्होंने बैरक की ग्रिल काटी और रोशनदान की ईंटें उखाड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। कैदियों ने मौके पर 25 फीट लंबे बांस और 30 फुट की सरिया का इंतजाम किया था। दीवार फांदने के लिए उन्होंने कंबलों को आपस में जोड़कर लंबी रस्सी बनाई। भागने के लिए जेल का वो पिछला हिस्सा चुना गया जहां हरियाली ज्यादा थी और कैमरे का सर्विलांस नहीं था।

कौन हैं फरार बंदी

भागे हुए कैदियों में एक गोलू अग्रहरि (निवासी मुसाफिरखाना, अमेठी) है, जो हत्या के प्रयास के मामले में बंद था। दूसरा शेर अली (निवासी सुल्तानपुर) है, जिस पर बलात्कार का आरोप है। लापरवाही की इंतहा देखते हुए डीजी जेल पीसी मीणा ने एक्शन लेने में देरी नहीं की। उन्होंने वरिष्ठ जेल अधीक्षक यूसी मिश्रा, जेलर जेके यादव और डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात एक हेड वार्डर और तीन वार्डर को भी सस्पेंड कर दिया गया है।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने खुद जेल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें बनाई गई हैं। आसपास के जिलों अमेठी और सुल्तानपुर की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Also Read: राहुल-खरगे से Shashi Tharoor ने की मुलाकात, बोले- सब कुछ ठीक, सब एक साथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.