Ayodhya News: जेल ब्रेक कांड में 3 और जेलकर्मी सस्पेंड, अब तक 14 पर गिरी गाज

Ayodhya News: रामनगरी की जिला जेल से दो बंदियों के फरार होने के मामले में यूपी सरकार का सख्त रुख जारी है। गुरुवार को हुई इस घटना के बाद जेल विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप कारापाल राजू उर्फ राजदीप, हेड जेल वार्डर प्रभुनाथ कुमार और जेल वार्डर दीपक कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया है।

जेल की सुरक्षा को धता बताकर भागने वाले कैदी शेर अली (सुल्तानपुर) और गोलू अग्रहरि (अमेठी) ने फरारी के लिए किसी फिल्म जैसी योजना तैयार की थी। प्राथमिक जांच में जो बातें सामने आई हैं, वो जेल प्रशासन की पोल खोलती हैं।

दीवार में सेंध: दोनों कैदियों ने अपनी कोठरी (विशेष सुरक्षा बैरक) के पीछे के जंगले की 25-30 ईंटें चुपचाप निकाल दी थीं।

सीसीटीवी की चूक: बैरक के पीछे की दीवार पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था, जिसका फायदा उठाकर वे आसानी से बाहर निकल आए।

बांस का सहारा: जेल परिसर के खेतों से होते हुए वे मुख्य बाउंड्रीवाल तक पहुंचे और वहां रखे एक बांस के सहारे ऊंची दीवार फांदकर गायब हो गए।

गिनती के समय मचा हड़कंप

मामला तब खुला जब गुरुवार सुबह बंदियों की गिनती शुरू हुई। बैरक नंबर चार से दोनों गायब थे। जेलर जितेंद्र कुमार यादव की शिकायत पर नगर कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। ताज्जुब की बात यह है कि विशेष सुरक्षा बैरक होने के बावजूद वहां सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे रह गई।

एसएसपी ने फरार कैदियों को दबोचने के लिए एसओजी और नगर कोतवाल के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई हैं। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। माना जा रहा है कि दोनों ने भागने के लिए पहले से ही बाहर किसी की मदद ली थी।

Also Read: Salman Khan ने दिया ट्रोलर्स को करारा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.