Ayodhya News: अग्निवीर भर्ती रैली के लिए 13 जिलों से 11 हजार युवा पहुंचेंगे अयोध्या
Ayodhya News: सेना में भर्ती का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। 5 अगस्त से 18 अगस्त तक अयोध्या कैंट में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती रैली में कुल 13 जिलों के करीब 11,000 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। सेना की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इन 13 जिलों में होगी अग्निवीरों की भर्ती
अग्निवीर रैली में अमेठी, रायबरेली, कौशांबी, प्रतापगढ़, अयोध्या, सिद्धार्थनगर, प्रयागराज, सुल्तानपुर, बस्ती, अंबेडकरनगर, महाराजगंज, संत कबीरनगर और कुशीनगर जिलों से युवा भाग लेंगे। ये सभी अभ्यर्थी पहले ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं और निर्धारित तिथि पर अपने एडमिट कार्ड के साथ भर्ती स्थल पहुंचेंगे।
इन पदों पर सेना करेगी भर्ती
भर्ती में विभिन्न पदों पर चयन किया जाएगा, जिनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल (SKT), अग्निवीर टेक्निकल, ट्रेड्समेन (8वीं और 10वीं पास), सिपाही नर्सिंग असिस्टेंट, सिपाही फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट वेटरनरी जैसे पद शामिल हैं।
सेना की ओर से साफ निर्देश दिए गए हैं कि अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या दस्तावेज के साथ न आएं। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। मौके पर चिकित्सा जांच, फिजिकल फिटनेस टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन जैसी प्रक्रिया कराई जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
जनसंपर्क अधिकारी शांतनु ने बताया कि रैली स्थल पर सुरक्षा, चिकित्सा, पेयजल और छांव की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सेना ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने आगे बताया कि प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यथिर्यों को अपने पंजीकृत ई मेल पर रैली के लिए प्रवेश पत्र प्राप्त हो जाएंगे। इसके साथ डोेगरा रेजिमेंटल ग्राउंड में होने वाली रैली में भाग लेने वाले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है, कि वे रैली में दिए गए अधिसूचना अनुसार दौड़ और अन्य परीक्षणों के लिए अभ्यास करें, रैली में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र और अन्य सभी दस्तावेज साथ लाने होंगे।
Also Read:Kanpur News: जिलाधिकारी ने यमुना के तटवर्ती गांव गड़ाथा का निरीक्षण किया

