Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में एआई कार्यशाला का हुआ आयोजन,छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करने जोर

Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग ने एक दिवसीय विशेष कार्यशाला “एआई फॉर डिजिटल रेडीनेस एंड एडवांसमेंट (अडीरा)” का आयोजन किया। हाइब्रिड मोड में आयोजित इस कार्यशाला में पत्रकारिता और मीडिया के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकी चुनौतियों, खासकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के लिए तैयार करना था।

परंपरागत शिक्षा से आगे बढ़ना जरूरी

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए अवध विश्वविद्यालय के एमसीजे समन्वयक प्रोफेसर अनूप कुमार ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया शिक्षा में डिजिटल साक्षरता और एआई का ज्ञान अब अनिवार्य हो गया है। ऐसी कार्यशालाएं छात्रों को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ पत्रकारिता की नैतिकता भी सिखाती हैं, ताकि वे समाज के लिए विश्वसनीय सूचना का स्रोत बन सकें।

मीडिया में एआई का बढ़ता प्रयोग

कार्यशाला में बतौर ट्रेनर डॉ. मनीष जैसल, सहायक आचार्य, आईटीएम विश्वविद्यालय, ग्वालियर ने बताया कि आज मीडिया क्षेत्र में एआई का उपयोग बहुत तेजी से बढ़ रहा है। इसका प्रयोग समाचार लेखन, ग्राफिक डिजाइन, वीडियो प्रोडक्शन, और तथ्य-जांच जैसे कामों में हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को कई लोकप्रिय एआई टूल्स का लाइव डेमो भी दिया, जिनमें लेखन, विचार निर्माण, ग्राफिक डिजाइन, चित्र निर्माण, सूचना खोज, भाषाई सुधार और वीडियो संपादन शामिल थे। इसके अलावा, उन्होंने फेक वीडियो की पहचान करने के तरीकों पर भी प्रकाश डाला।

अडीरा पहल का उद्देश्य

कार्यशाला के समन्वयक डॉ. विजयेन्दु चतुर्वेदी ने बताया कि ‘अडीरा’ पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और पेशेवरों को एआई और डिजिटल उपकरणों का सही, सुरक्षित और रचनात्मक उपयोग सिखाना है। इस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को न केवल तकनीकी ज्ञान दिया गया, बल्कि उन्हें डिजिटल नैतिकता, डेटा सुरक्षा और फर्जी कंटेंट की पहचान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षित किया गया। इस कार्यशाला में बैचलर ऑफ वोकेशनल और एमए-एमसीजे के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चतुर्वेदी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आरएन पाण्डेय ने दिया।

Also Read: Ghazipur News: यूपी के गाजीपुर में 10वीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या, आरोपी नाबालिग हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.