Ayodhya News: कर्तव्यनिष्ठ बनें, शोषण का विरोध करें: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का छात्रों को संदेश
Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के वशिष्ठ परिसर में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मल्टीपरपज कंपलेक्स ‘तुलसी भवन’ और इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ‘धन्वंतरी भवन’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर का निरीक्षण करते हुए लेक्चर हॉल, प्रयोगशालाएं और शिक्षक कक्षों में सुविधाओं की समीक्षा की।
कुलाधिपति ने फार्मेसी के छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें कर्तव्यनिष्ठ बनने, समाज के प्रति सजग रहने और शोषण का डटकर विरोध करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों को आत्मविश्वासी, ईमानदार और जिम्मेदार नागरिक बनना चाहिए। छात्राओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे हर अन्याय का साहसपूर्वक सामना करें और किसी भी गतिविधि में संलिप्त न हों जिससे जीवन में पछताना पड़े।

14 खिलाड़ियों और उनके कोचों को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर कीड़ा परिषद द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में पदक विजेता 14 खिलाड़ियों और उनके कोचों को सम्मानित किया गया। स्वर्ण पदक विजेताओं को ₹30,000 और रजत पदक विजेताओं को ₹15,000 की धनराशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई। राज्यपाल ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल देता है बल्कि नेतृत्व, अनुशासन और टीम भावना को भी विकसित करता है।

कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने खेलों को जीवन का आवश्यक हिस्सा बताया और कहा कि मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए खेल अनिवार्य हैं। समारोह की शुरुआत वैदिक स्वस्तिवाचन के साथ हुई, जिसमें गुरुकुल अयोध्या के बटुकों ने भाग लिया। राज्यपाल ने उन्हें अंगवस्त्र और भगवद्गीता भेंट की। इस अवसर पर कुलसचिव विनय कुमार सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्द्र शुक्ल, प्रो. एसएस मिश्र, प्रो. नीलम पाठक सहित विश्वविद्यालय के अनेक शिक्षक, अधिकारी और राजभवन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Also Read: सहारनपुर को 381 करोड़ की सौगात, सीएम योगी बोले- बुलेट ट्रेन है डबल इंजन सरकार

