Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में पीजी व यूजी पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग शुरू, 20 अगस्त तक चलेगी प्रक्रिया

Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पीजी और यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में संचालित 39 परास्नातक (पीजी) और तीन स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग शनिवार से आरंभ हो गई है, जो आगामी 20 अगस्त तक चलेगी।

प्रवेश समन्वयक प्रो. शैलेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह के निर्देश पर प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए ‘समर्थ पोर्टल’ के माध्यम से काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। पीजी पाठ्यक्रमों में अब तक कुल 410 अभ्यर्थियों ने समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर काउंसलिंग कराई है, जिनमें से 315 विद्यार्थियों ने शुल्क जमा कर प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। शेष अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रो. कुमार ने बताया कि पीजी में प्रवेश के लिए पहले चरण में छात्रों को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन करवाना अनिवार्य है। सत्यापन के उपरांत ही काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। सभी छात्र समर्थ पोर्टल पर लॉगिन कर संबंधित विभाग में दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में संचालित यूजी पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर सीधा प्रवेश भी शनिवार से शुरू हो गया है। यूजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण के उपरांत उन्हें संबंधित विभाग में संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। यूजी पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर प्रवेश की अंतिम तिथि 14 अगस्त तय की गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समयबद्ध तरीके से सभी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है ताकि उन्हें अंतिम समय में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। सभी संबंधित जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

Also Read: सीएम योगी ने किया युवा कॉन्क्लेव-2025 का उद्घाटन, बोले- अब हर युवा बनेगा ‘जॉब क्रिएटर’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.