Ayodhya News: इग्नू में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 अगस्त तक बढ़ी : प्रो. हिमांशु सिंह
Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर में संचालित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र से एक अहम जानकारी सामने आई है। केंद्र के समन्वयक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि जुलाई 2025 सत्र में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2025 तक बढ़ा दी गई है। यह उन विद्यार्थियों के लिए सुनहरा अवसर है, जो किसी कारणवश पूर्व सत्रों में प्रवेश नहीं ले पाए थे।
प्रो. सिंह ने सभी इच्छुक विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे अंतिम तिथि से पहले इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट https://www.ignou.ac.in या https://ignou.samarth.edu.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन अवश्य करें। उन्होंने बताया कि इग्नू में स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा तथा प्रमाणपत्र जैसे विविध पाठ्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध है।
कला वर्ग के छात्रों के लिए कई विकल्प
वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि जुलाई 2025 सत्र खासकर उन छात्रों के लिए बेहद महत्त्वपूर्ण है, जो जनवरी 2025 सत्र में किसी कारणवश पंजीकरण नहीं करा सके थे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप इग्नू ने कला स्नातक वर्ग के अंतर्गत कई विषयों में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई है। इन विषयों में अर्थशास्त्र, अंग्रेज़ी, हिंदी, लोक प्रशासन, सुविधा एवं सेवा प्रबंधन, पत्रकारिता एवं डिजिटल मीडिया, पर्यटन प्रबंधन तथा गृह विज्ञान शामिल हैं।
प्रबंधन पाठ्यक्रमों में भी खुला अवसर
इग्नू द्वारा परास्नातक स्तर पर प्रबंधन कार्यक्रमों में भी प्रवेश की सुविधा दी जा रही है। इनमें एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट, कंस्ट्रक्शन मैनेजमेंट, मार्केटिंग मैनेजमेंट, वित्तीय प्रबंधन, हेल्थकेयर एंड हॉस्पिटल मैनेजमेंट तथा ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट जैसे उभरते क्षेत्रों से संबंधित पाठ्यक्रम शामिल हैं।
दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से बने भविष्य
इग्नू द्वारा संचालित ये कार्यक्रम ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) के माध्यम से संचालित होते हैं, जिससे देश के किसी भी कोने में बैठे विद्यार्थी कम लागत, लचीलापन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी संबंधित पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी इग्नू की वेबसाइट अथवा अध्ययन केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के इस विस्तार से हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलने की संभावना है।
Also Read: वॉर 2 में दिखा AI का कमाल, ऋतिक रोशन की डबिंग में भी हुआ इस्तेमाल

