Ayodhya News: विधायक रामचंद्र यादव और एसडीएम आमने-सामने, शासन ने मांगा जवाब
Ayodhya News: रुदौली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक रामचंद्र यादव और एसडीएम विकास धर दुबे के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। विधायक ने एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री के आदेशों की अवहेलना, बाढ़ राहत कार्यों में लापरवाही और जनप्रतिनिधियों का अपमान शामिल है।
शासन ने इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विकास धर दुबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में नियम-3 और प्रोटोकॉल आदेशों के उल्लंघन का हवाला दिया गया है। एसडीएम को सात दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
मेरे ऊपर लगे सभी आरोप बेबुनियाद
विकास धर दुबे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा नियमों और मर्यादाओं के तहत काम किया है और वंचित वर्ग के साथ खड़े रहे हैं। दुबे ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो कठोर कार्रवाई के लिए तैयार हैं, लेकिन अगर आरोप झूठे साबित होते हैं तो उनकी छवि खराब करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
एसडीएम पर लगा सीएम के आदेशों की अवहेलना का आरोप
बताते चलें कि 18 अगस्त को रुदौली तहसील में समाधान दिवस आयोजित हुआ था, जिसमें विधायक और एसडीएम दोनों मौजूद थे। इसके कुछ दिनों बाद विधायक ने आरोप लगाए कि एसडीएम ने मुख्यमंत्री के निर्देशों की अवहेलना की और बाढ़ राहत कार्यों में लापरवाही बरती।
यह विवाद अब स्थानीय राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में विधायक और प्रशासन के बीच यह तनातनी और तेज हो सकती है। फिलहाल सबकी निगाहें एसडीएम के जवाब और जांच प्रक्रिया पर टिकी हैं।
Also Read: Lucknow News: राजधानी में धर्म परिवर्तन करवाने वाला गिरफ्तार, खेत में लगाता था चंगाई सभा

