Ayodhya News: अग्निवीरों को इग्नू से स्नातक डिग्री पाने का अवसर

Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि अब देश की सेवा कर रहे अग्निवीर अपनी ड्यूटी के साथ-साथ स्नातक की डिग्री भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे उनकी सेवा उपरांत रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

प्रवेश की सुविधा शुरू की है

इग्नू ने जुलाई 2025 सत्र से अग्निवीरों के लिए बीए, बीएससी और बीकॉम समेत कई स्नातक कार्यक्रमों में प्रवेश की सुविधा शुरू की है। बीए के लिए विशेष रूप से तीन पाठ्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 अगस्त 2025 तय की गई है। इच्छुक उम्मीदवार इस तारीख तक बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।

रक्षा बलों के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया गया

वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इग्नू ने तीनों रक्षा बलों—सेना, नौसेना और वायुसेना—के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। इसके तहत अग्निवीरों को कला, वाणिज्य और विज्ञान के साथ-साथ पर्यटन प्रबंधन, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग जैसे विविध विषयों में भी अध्ययन का अवसर मिलेगा। सभी कार्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC), राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क (NCrF) और राष्ट्रीय कौशल योग्यता फ्रेमवर्क (NSQF) के मानकों के अनुरूप होंगे।

कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश उपलब्ध है

डॉ. मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम पूरा करने के बाद अग्निवीरों को स्नातक की डिग्री या डिप्लोमा प्रदान किया जाएगा, जो उनकी शैक्षणिक योग्यता को मजबूत करने के साथ ही उन्हें सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में बेहतर करियर विकल्प उपलब्ध कराएगा। जुलाई 2025 सत्र में स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, बीएसडब्ल्यू, बीटीएस, बीसीए और बीएससी सहित कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश उपलब्ध है। अग्निवीर अपनी सेवा के दौरान ऑनलाइन मोड में पढ़ाई कर सकेंगे, जिससे उन्हें समय और स्थान की बाधाओं के बिना उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

जीवन में भी उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाएगी

इग्नू के इस कदम को रक्षा विशेषज्ञों और शिक्षा जगत ने सराहा है, क्योंकि यह पहल देश के युवाओं को न केवल सैन्य सेवा का अनुभव प्रदान करेगी, बल्कि सेवा समाप्ति के बाद नागरिक जीवन में भी उन्हें प्रतिस्पर्धी बनाएगी। यह पहल ‘शिक्षा और रोजगार, दोनों में सशक्तिकरण’ की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Also Read: लंदन में गाजा के समर्थन में बड़ी संख्या में उतरे लोग, 466 प्रदर्शनकारी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.