Ayodhya News: कचहरी परिसर में संदिग्ध झोले से तमंचा व कारतूस बरामद, मचा हड़कंप
Ayodhya News: शनिवार को कचहरी परिसर के सेट नंबर-5 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संदिग्ध झोले से दो तमंचे और कई कारतूस बरामद हुए। घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ताओं और आमजन में अफरा-तफरी मच गई और पूरे परिसर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
गौर करने वाली बात यह है कि साल 2007 में इसी सेट पर आतंकी हमला हुआ था, जिसमें एक अधिवक्ता की मौत हो गई थी। ऐसे में उसी स्थान पर दोबारा हथियारों का मिलना सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कचहरी गेट पर लगे मेटल डिटेक्टर और सुरक्षा उपकरणों के बावजूद परिसर के भीतर हथियार कैसे पहुंचे? यह घटना सुरक्षा में बड़ी चूक का संकेत देती है। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और खुफिया विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बरामद तमंचा और कारतूस को कब्जे में लेकर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
घटना के बाद एहतियातन कचहरी परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके। इस घटना ने एक बार फिर कचहरी परिसर की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। अधिवक्ता और आमजन दोनों ही अब प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं।
Also Read: लाल किले में बड़ी सुरक्षा चूक, धार्मिक कार्यक्रम से करोड़ों का कलश चोरी, संदिग्ध CCTV में कैद

