Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में पोस्टर, रंगोली और राखी मेकिंग प्रतियोगिता, प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विवेकानंद सभागार में पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसका विषय “एंटी रैगिंग” और “देशभक्ति” रखा गया। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्रों में सामाजिक जागरूकता के साथ देशप्रेम की भावना को प्रोत्साहित करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
डिजाइन ने दर्शकों का मन मोह लिया
इसके साथ ही फैशन डिजाइनिंग विभाग की ओर से राखी मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मकता और पारंपरिक कला का अद्भुत प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी राखियों और आकर्षक डिजाइन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
सर्वांगीण विकास हो सके
कुलपति डॉ. कर्नल बिजेंद्र सिंह की परिकल्पना के तहत विश्वविद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व इस प्रकार के सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। उनका मानना है कि अध्ययन के साथ-साथ छात्रों को अपनी कला, कौशल और सृजनात्मक क्षमता को भी विकसित करने का अवसर मिलना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।
भावना और अधिक बढ़ी है
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह के दौरान कुलपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। इससे छात्रों में उत्साह और भागीदारी की भावना और अधिक बढ़ी है।
अपनी उपस्थिति दर्ज कराई
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, ललित कला विभाग के समन्वयक प्रो. सुरेंद्र मिश्र, प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. सरिता द्विवेदी, सह-संयोजक रीमा सिंह, प्रो. प्रिया कुमारी, डॉ. अलका श्रीवास्तव और डॉ. रचना श्रीवास्तव मौजूद रहीं। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
भावना भी विकसित करती हैं
कार्यक्रम के अंत में निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल रचनात्मकता को प्रोत्साहन देती हैं, बल्कि छात्रों में आत्मविश्वास और टीम वर्क की भावना भी विकसित करती हैं।
Also Read: Lucknow Metro के विस्तार को मिली हरी झंडी, 5801 करोड़ रुपये से बनेगा 11 KM का नया कॉरिडोर

