Ayodhya News: तनाव और चिंता को कम करने के लिए नियमित व्यायाम जरूरी : डॉ. आलोक मनदर्शन
Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग में एक दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. एस.एस. मिश्र रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोवैज्ञानिक डॉ. आलोक मनदर्शन (जिला अस्पताल, अयोध्या) और विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. दीपशिखा चौधरी उपस्थित रहीं।
प्रो. एस.एस. मिश्र ने छात्रों को संयम और योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाकर तनाव से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है।
संतुलित आहार का सेवन करें
डॉ. आलोक मनदर्शन ने विद्यार्थियों को तनाव और चिंता कम करने के उपाय बताते हुए कहा कि नियमित व्यायाम करें, पर्याप्त नींद लें, संतुलित आहार का सेवन करें और प्रकृति के साथ समय बिताएँ। उन्होंने यह भी कहा कि अपनी चिंताओं को परिवार और दोस्तों के साथ साझा करना चाहिए तथा ध्यान और गहरी सांस लेने की आदत डालनी चाहिए। डॉ. आलोक ने छात्रों को सलाह दी कि उन बातों पर अधिक ध्यान न दें जिन्हें नियंत्रित नहीं किया जा सकता।

वहीं, डॉ. दीपशिखा चौधरी ने खानपान और दिनचर्या को तनाव नियंत्रण का सबसे बड़ा साधन बताया। उन्होंने छात्रों से जंक फूड से दूरी बनाने और स्वास्थ्यवर्धक आहार को अपनाने की अपील की। साथ ही विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी।
स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के सुझाव
इसके बाद अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक ने छात्रों को विश्वविद्यालय परिसर के वातावरण और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के सुझाव दिए। विभागाध्यक्ष प्रो. तुहिना वर्मा ने अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया।
कार्यक्रम में प्रो. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. रंजन सिंह, डॉ. सोनी तिवारी, डॉ. आजाद पटेल समेत विभाग के शिक्षक और एमएससी छात्र मौजूद रहे।
Also Read: अवैध हिरासत पर हाईकोर्ट सख्त, 65 वर्षीय बुजुर्ग को कोर्ट में पेश करने का आदेश, एसएसपी भी तलब

