Ayodhya News: कोटेदार के चयन को लेकर मिल्कीपुर में हंगामा, ग्रामीणों के आगे झुकना पड़ा अधिकारियों को

Ayodhya News: मिल्कीपुर ब्लॉक के सरूरपुर गांव में कोटेदार के चयन को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने ब्लॉक अधिकारियों और ग्राम प्रधान पर मिलीभगत का आरोप लगाया, जिसके बाद उन्हें बैठक स्थगित करनी पड़ी। अब यह बैठक 4 सितंबर को दोबारा होगी। सरूरपुर गांव में कोटेदार का पद खाली होने के बाद से बगल की ग्राम पंचायत तेंधा के कोटेदार श्रवण कुमार पाठक इस गांव का राशन वितरित कर रहे हैं।

अधिकारियों पर दबाव बनाया

जिलाधिकारी ने यह पद पिछड़ी जाति के लिए आरक्षित कर दिया है। नए कोटेदार के चयन के लिए गुरुवार दोपहर 12 बजे बैठक शुरू हुईइस दौरान दो प्रत्याशी, ग्राम प्रधान समर्थक रविंद्र यादव और उनके विरोधी जमुना प्रसाद महरा, मैदान में थे। बैठक में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमुना प्रसाद के समर्थन में थी। इसे देखते हुए ग्राम प्रधान ने कथित तौर पर ब्लॉक अधिकारियों पर दबाव बनाया और अपनी पसंद के उम्मीदवार के पक्ष में कार्यवाही लिखवाने की कोशिश की।

सहायता समूहों से आवेदन लिए जाएंगे

ग्राम प्रधान की चाल देखकर ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करने लगे। ग्रामीणों के उग्र तेवर देख ब्लॉक अधिकारी पीछे हट गए। एडीओ पंचायत एसके राव ने तुरंत बैठक स्थगित करने की घोषणा की और बताया कि अब 4 सितंबर को फिर से बैठक होगी। उन्होंने यह भी कहा कि अब स्वयं सहायता समूहों से आवेदन लिए जाएंगे और उन्हीं के प्रत्याशी को कोटा दिया जाएगा।

हंगामे की सूचना पर कुमारगंज थाने से भारी पुलिस बल और पूर्ति निरीक्षक रामनरेश गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शांत होने के बाद ही अधिकारी वहां से जा सके। इस घटना ने ग्राम पंचायत स्तर पर होने वाले चुनावों में धांधली और अधिकारियों की मिलीभगत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: लखनऊ में दिनदहाड़े कार लूट, ट्रायल के बहाने फॉर्च्यूनर लेकर फरार हुए बदमाश, FIR दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.