Ayodhya News: नौ अस्पतालों में स्टेमी केयर की सुविधा, 30 गंभीर मरीजों को मिला जीवनरक्षक इंजेक्शन
Ayodhya News: हृदय रोग से जूझ रहे मरीजों के लिए अयोध्या जिले में एक राहतभरी पहल की गई है। अब जिले के नौ अस्पतालों में स्टेमी केयर की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस पहल से गंभीर हार्ट अटैक के मरीजों को समय पर इलाज देकर उनकी जान बचाई जा रही है।
स्टेमी केयर यूनिट सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
जिला अस्पताल और श्रीराम चिकित्सालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 100 शैय्या अस्पताल कुमारगंज, 50 शैय्या अस्पताल देवगांव, तथा सीएचसी मिल्कीपुर, सोहावल, रुदौली, पूराबाजार और बीकापुर में स्टेमी केयर यूनिट सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इस योजना के तहत इन अस्पतालों को अत्याधुनिक ईसीजी मशीनें और अन्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
स्क्रीनिंग ईसीजी मशीनों के माध्यम से की गई।
स्टेमी केयर के नोडल अधिकारी डॉ. दीपक पाण्डेय ने बताया कि अब तक इन केंद्रों पर 360 हृदय रोगियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। स्क्रीनिंग ईसीजी मशीनों के माध्यम से की गई, जिससे प्रारंभिक अवस्था में ही दिल की बीमारियों की पहचान संभव हो सकी।
30 को ‘टेनेक्टेप्लेस’ नामक जीवनरक्षक इंजेक्शन दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिन मरीजों में हार्ट अटैक की पुष्टि हुई, उनमें से 30 को ‘टेनेक्टेप्लेस’ नामक जीवनरक्षक इंजेक्शन दिया गया। यह इंजेक्शन करीब 50 हजार रुपये कीमत का होता है, लेकिन यह निशुल्क दिया गया, जिससे गंभीर मरीजों को समय रहते जरूरी चिकित्सा मिल सकी।
मरीजों को बड़े शहरों की ओर दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं।
यह सुविधा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य हार्ट अटैक की स्थिति में मरीज को “गोल्डन आवर” यानी शुरुआती एक घंटे के भीतर उचित इलाज देकर उसकी जान बचाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस सेवा के विस्तार से अब मरीजों को लखनऊ या अन्य बड़े शहरों की ओर दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं रही। स्थानीय अस्पतालों में ही समुचित इलाज मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। डॉ. पाण्डेय ने बताया कि लोगों में जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है ताकि हार्ट अटैक के लक्षणों को समझते ही तुरंत अस्पताल पहुंचा जा सके। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य आने वाले महीनों में और अधिक मरीजों तक इस सेवा का लाभ पहुंचाना है।
Also Read: Lucknow News: मायावती का बड़ा ऐलान, न NDA के साथ, न इंडी गठबंधन से कोई लेना-देना

