Ayodhya News: शिक्षक की पिटाई से बेहोश हुई छात्रा, जिला अस्पताल रेफर

Ayodhya News: अयोध्या जिले के बीकापुर क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां भारती इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही एक छात्रा को शिक्षक ने कथित रूप से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह मौके पर ही बेहोश हो गई। अचानक बिगड़ी हालत के बाद छात्रा को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर में भर्ती कराया गया। लेकिन स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों में गुस्सा, पुलिस में दी तहरीर

छात्रा की हालत बिगड़ने के बाद परिवारजन गुस्से में आ गए। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक की बेरहमी ने बच्ची की जान पर बना दिया। इस मामले को लेकर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भी आक्रोश फैल गया और कॉलेज प्रबंधन पर सवाल खड़े हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम बीकापुर श्रेया ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और खंड शिक्षा अधिकारी अमित श्रीवास्तव को मौके पर भेजा। उन्होंने कॉलेज पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने वाले शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

“पहली प्राथमिकता छात्रा का इलाज” – डीआईओएस

इस घटना पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. पवन कुमार तिवारी ने कहा कि सबसे पहले छात्रा का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा, “जांच में दोषी शिक्षक की जिम्मेदारी तय होते ही कार्रवाई की जाएगी। छात्रा की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।” इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कैसे स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। परिजन अब न्याय की उम्मीद में प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

Also Read: महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक गाड़ियों को टोल टैक्स से मिली छूट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.