Ayodhya News: तीन दिन से लापता युवक का शव नहर में मिला, बाजार से लौटते समय हुआ था गायब

Ayodhya News: रुदौली कोतवाली क्षेत्र के गढ़वाल गांव निवासी समर बहादुर सिंह (30) का शव शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ। वह 3 अगस्त की शाम से लापता थे। पुलिस, परिजन और SDRF की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने लोहटी सरैया से लगभग 2 किलोमीटर दूर नहर में बाबुल के पेड़ में फंसे शव को बरामद किया।

परिजनों के अनुसार, 3 अगस्त को समर बहादुर सिंह बाजार गए थे, जहां उन्होंने घर का कुछ सामान खरीदा और अपने साथियों को सौंपा कि वे उसे घर पहुंचा दें। इसके बाद वह लोहटी सरैया स्थित शराब की दुकान पर गए थे, जहां का सीसीटीवी फुटेज उनका आखिरी सुराग साबित हुआ। इसके बाद से वह लापता थे।

कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई

जब देर रात तक समर घर नहीं पहुंचे, तो परिवार को चिंता हुई। अगली सुबह से ही उनकी खोजबीन शुरू कर दी गई, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। परिजनों ने रुदौली कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को आशंका थी कि समर बहादुर शराब के नशे में नहर में गिर गए होंगे, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना बाबा बाजार और रुदौली कोतवाली की संयुक्त टीम ने SDRF के सहयोग से नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दो किलोमीटर दूर एक पेड़ में फंसा शव मिला, जिसकी पहचान समर बहादुर सिंह के रूप में की गई।

परिजन जांच की मांग कर रहे

शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ लोग इसे हादसा मान रहे हैं, तो कुछ इसकी गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं। क्षेत्राधिकारी रुदौली आशीष निगम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया गया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Also Read: Kanpur News: कानपुर के चर्चित अधिवक्ता अखिलेश दुबे गिरफ्तार, ऑपरेशन महाकाल के दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.