Ayodhya News: इस बार आसमान में रंग बिखेरेंगी ग्रीन आतिशबाजी, सरयू घाटों पर जलेंगे 26 लाख दीप
Ayodhya News: रामनगरी इस बार दीपोत्सव पर पहले से भी ज्यादा जगमगाएगी। 19 अक्तूबर को होने वाले दीपोत्सव में सरयू के घाटों पर लाखों दीपकों की रौशनी तो होगी ही, साथ ही पहली बार पर्यावरण-मित्र ग्रीन आतिशबाजी शो भी खास आकर्षण रहेगा। यह आतिशबाजी फ्रांस के बैस्टिल डे और ब्रिटेन की गाई फॉक्स नाइट जैसी अंतरराष्ट्रीय परंपराओं से प्रेरित होगी।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस बार सरयू नदी के किनारे 10 मिनट का कोरियोग्राफ्ड ग्रीन एरियल फायरवर्क्स शो आयोजित किया जाएगा, जिसे कंप्यूटराइज्ड तकनीक से पूरी तरह नियंत्रित किया जाएगा।
सरयू घाटों पर जगमगाएंगे 26 लाख दीप
मंत्री ने बताया कि भगवान श्रीराम के 14 साल के वनवास से अयोध्या आगमन की दिव्य अनुभूति कराने के लिए इस साल 26 लाख से अधिक दीपक सरयू घाटों पर प्रज्वलित होंगे। पूरे शहर को आकर्षक सजावट और झिलमिलाती रोशनियों से सजाया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सजावट से पूरा अयोध्या उत्सवधर्मी माहौल में डूबा रहेगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर का शो, संगीत संग रोशनी का संगम
- आतिशबाजी शो को रियो डी जेनेरियो (ब्राज़ील) के मशहूर रेबेलियन शो, फ्रांस और ब्रिटेन की तर्ज पर डिजाइन किया गया है।
- आतिशबाजी की औसत ऊंचाई 200 मीटर तक होगी, जो कई किलोमीटर दूर से भी दिखाई देगी।
- शो में संगीत और आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम होगा। धुनों के साथ आसमान में रंग-बिरंगे नजारे देखने को मिलेंगे।
दीपोत्सव-2025 इस बार सिर्फ दीयों की जगमगाहट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आतिशबाजी और संगीत का ऐसा संगम होगा, जिसे देखने के लिए देश-दुनिया से लोग खिंचे चले आएंगे।
Also Read: Siddharthnagar News: SDM-CO की जनता से अपील, बोले- संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो 112 पर करें कॉल

