अयोध्या: जगद्गुरु परमहंसाचार्य को फिर मिली जान से मारने की धमकी, बोले- निशाने पर हूं, फिर भी…

Sandesh Wahak Digital Desk: रामनगरी अयोध्या के चर्चित संत और तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंसाचार्य को लगातार धमकियां मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। गुरुवार (29 जनवरी) की रात एक बार फिर एक अनजान शख्स ने उन्हें फोन कर न सिर्फ भद्दी गालियां दीं, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद आचार्य ने अयोध्या पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

रात के सन्नाटे में आया धमकी भरा कॉल

तहरीर के मुताबिक, यह घटना 29 जनवरी की रात करीब 9:26 बजे की है। जगद्गुरु परमहंसाचार्य के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन उठाते ही दूसरी तरफ से युवक ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते जान से मारने की बात कहने लगा।

हैरानी की बात यह है कि ठीक 12 दिन पहले, यानी 17 जनवरी को भी उन्हें इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी उन्होंने पुलिस को सूचित किया था और अब पखवाड़े भर के भीतर यह दूसरी वारदात है। बार-बार मिल रही धमकियों से संत और उनके अनुयायी काफी डरे हुए हैं।

लगातार मिल रही चुनौतियों पर जगद्गुरु परमहंसाचार्य ने अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, “मैं लगातार हिंदू राष्ट्र की मांग कर रहा हूँ और सनातन धर्म के लिए आवाज उठाता हूँ, इसी वजह से मैं कट्टरपंथियों के निशाने पर हूँ। बार-बार पुलिस को शिकायत देने के बावजूद मेरी सुरक्षा नहीं बढ़ाई जा रही है, जो चिंता का विषय है।”

पुलिस की कार्रवाई

अयोध्या पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की सर्विलांस टीम फोन नंबर को ट्रैक कर रही है ताकि कॉलर की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: इंडिगो फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी, टिशू पेपर पर लिखा मिला ‘हाईजैक’ का संदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.