Ayodhya News: रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और CM योगी ने टेका माथा

Ayodhya News: प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में आज रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के रूप में धूमधाम से मनाई जा रही है। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक उत्सव के साक्षी बनने के लिए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में अयोध्या पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में बजरंगबली का आशीर्वाद लिया और फिर रामलला के दरबार में पहुंचकर विशेष पूजन-अर्चन और आरती की।

रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा अंग्रेजी कैलेंडर के हिसाब से भले ही 22 जनवरी को हुई थी, लेकिन हिंदू पंचांग और धार्मिक परंपरा के अनुसार आज ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ की तिथि है। इसी पावन तिथि पर दो वर्ष पूर्व रामलला के नूतन विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी, इसलिए मंदिर ट्रस्ट और भक्तों के लिए आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सदियों की वेदना को मिला विराम: CM योगी

इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, रामलला का विराजमान होना इस बात का प्रतीक है कि सदियों के संघर्ष को समाप्ति मिली और वेदना को विराम मिला। यह हमारी तीन पीढ़ियों की साधना, संतों के आशीर्वाद और 140 करोड़ देशवासियों के विश्वास का परिणाम है।

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि श्री राम जन्मभूमि के दर्शन और इस समारोह का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

भव्य आयोजन से सजी अयोध्या

वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को फूलों और दीपों से विशेष रूप से सजाया गया है। रामलला को आज विशेष राजभोग लगाया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रामभक्तों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है और हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं।

Also Read: अब छोटी गलतियों पर नहीं होगी जेल, दिल्ली कैबिनेट ने जन विश्वास विधेयक को दी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.