Ayodhya News: महंत नृत्यगोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल किया गया रेफर

Ayodhya News: राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष और अयोध्या के वरिष्ठ संत महंत नृत्यगोपाल दास (87 वर्ष) की सेहत अचानक खराब हो गई है। सोमवार रात से ही उन्हें लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत थी, जिसके बाद बुधवार सुबह उन्हें अयोध्या के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत लखनऊ के मेदांता अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।

36 घंटे से नहीं ग्रहण किया अन्न

बताया जा रहा है कि महंत जी पिछले 36 घंटों से कुछ भी खा-पी नहीं पा रहे हैं, जिससे उन्हें काफी कमजोरी महसूस हो रही है। उनके साथ उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास भी मौजूद हैं। जैसे ही महंत जी की तबीयत बिगड़ने की खबर अयोध्या में फैली, संतों और रामभक्तों के बीच उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया है।

महंत नृत्यगोपाल दास का व्यक्तित्व और योगदान भारतीय संस्कृति और राम मंदिर के इतिहास में अमूल्य है। वे अयोध्या के प्रसिद्ध वासुदेव घाट स्थित ‘मणिराम दास की छावनी’ के प्रमुख हैं। 2003 में उन्हें श्रीराम जन्मभूमि न्यास का अध्यक्ष बनाया गया था और वर्तमान में वे मंदिर निर्माण की देखरेख करने वाले ‘तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ की कमान संभाल रहे हैं। उनका जन्म 11 जून, 1938 को मथुरा के केरहाला गांव में हुआ था। वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के भी प्रमुख हैं।

Also Read: बरेली: खरीदारी करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, डीसीएम की टक्कर से परिवार का चिराग बुझा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.