Lucknow News: ठंड में सहारा बना आयोमा फाउंडेशन, गरीबों को बांटे कंबल और बच्चों को दी गर्म टोपियां

Lucknow News: कड़ाके की ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए आयोमा फाउंडेशन ने मानवता की मिसाल पेश की है। संस्था के निदेशक विनीत श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ मिलकर कड़ाके की धूप न निकलने और बढ़ती ठिठुरन के बीच जरूरतमंदों को कंबल और बच्चों को गर्म टोपियां वितरित कीं।

राहत सामग्री बांटने के दौरान विनीत श्रीवास्तव ने प्रशासन की सुस्ती पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जनवरी की 5 तारीख हो चुकी है, लेकिन अब तक कई जगहों पर रैन बसेरों और अलाव की पुख्ता व्यवस्था नहीं दिख रही है। उन्होंने मांग की कि रिक्शा चालकों, मजदूरों और बाहर से आए कामगारों के लिए पर्याप्त रैन बसेरे बनाए जाएं। शहर के हर प्रमुख चौराहे और सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाए जाएं ताकि राहगीरों को राहत मिल सके।

विनीत श्रीवास्तव ने भावुक होते हुए कहा, दूसरों की सेवा करने से जो आत्मिक शांति मिलती है, वह किसी और काम में नहीं है। गरीब भी हमारी तरह इंसान हैं और उन्हें भी सम्मान से जीने का अधिकार है। उन्होंने समाज के हर सक्षम व्यक्ति से अपील की कि वे इस मौसम में आगे आएं और अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद करें।

बुजुर्ग और बच्चे रखें खास ख्याल

इस मौके पर समाजसेवी विनय श्रीवास्तव ने भी लोगों को सचेत किया। उन्होंने कहा कि शीतलहर का सीधा असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ता है, इसलिए बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से लगातार कंबल, साड़ी, स्वेटर और भोजन का इंतजाम कर गरीबों की सेवा कर रहा है। इस सेवा कार्य में गोविंद कुमार, प्रियांशु श्रीवास्तव, हरिहर मौर्य और सुरेंद्र कुमार समेत संस्था के कई कार्यकर्ता और स्वयंसेवक प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Also Read: Balrampur News: पूर्व सांसद रिजवान जहीर को बड़ी राहत, फर्जी जमानतदार मामले में कोर्ट ने मंजूर की बेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.