Lucknow News: आजम खान एक और केस में बरी, RSS से जुड़ा था मामला
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के सीनियर नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म खान को लखनऊ की MP/MLA कोर्ट से एक बड़ी राहत मिली है। अदालत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को बदनाम करने के आरोप में दर्ज एक मामले में उन्हें बरी कर दिया है।
यह पूरा मामला वर्ष 2014 का है, जब उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, लेकिन केस 2019 में हजरतगंज कोतवाली में दर्ज हुआ था। आरोप था कि मंत्री पद पर रहते हुए आज़म खान ने अपने आधिकारिक सरकारी लेटरहेड और मुहर का दुरुपयोग किया। इन लेटरहेड के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर RSS को बदनाम करने की कोशिश की गई थी।
सामाजिक कार्यकर्ता अल्लामा जमीर नक़वी ने 2019 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2014 में जारी छह पत्रों में RSS के साथ-साथ शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं। फैसला सुनाए जाने के दौरान आजम खान लखनऊ में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-द्वितीय के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश हुए। उनकी उपस्थिति के कारण अदालत परिसर के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
इस बड़ी राहत से कुछ ही देर पहले आज़म खान ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात भी की थी। यह उनकी जेल से बाहर आने के बाद दूसरी मुलाकात थी, जिससे यूपी का सियासी पारा पहले से ही चढ़ा हुआ है। फिलहाल, इस केस से बरी होने के बाद आज़म खान की राजनीतिक राह थोड़ी आसान होती दिख रही है।

