आजम खान और अब्दुल्ला आजम ने परिवार से मिलने से किया इनकार, रामपुर जेल प्रशासन ने साधी चुप्पी

Sandesh Wahak Digital Desk: दो पैन कार्ड मामले में रामपुर जेल में सजा काट रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने बुधवार को जेल में मिलने आए परिजनों से मुलाकात करने से इनकार कर दिया। इस घटना पर रामपुर जेल प्रशासन ने भी पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है।

परिवार को लौटना पड़ा बैरंग

आजम खान और अब्दुल्ला आजम को पिछले दिनों दो पैन कार्ड मामले में अदालत द्वारा सात साल की सजा सुनाई गई थी, जिसके बाद वे रामपुर जेल में बंद हैं।

बुधवार को उनसे मुलाकात करने के लिए आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फात्मा, बड़े बेटे अदीब आजम और बहन निखहत रामपुर जेल पहुंचीं। उन्होंने मुलाकात के लिए अर्जी भी लगाई। हालांकि, जेल सूत्रों के मुताबिक, पिता-पुत्र दोनों ने परिवार के सदस्यों से मिलने से इनकार कर दिया, जिसके बाद तीनों परिजन बैरंग वापस लौट आए। जेल प्रशासन ने इस संवेदनशील मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

कोर्ट में अन्य मामलों की सुनवाई टली

जेल में रहने के साथ ही, आजम खान और अब्दुल्ला आजम के खिलाफ दर्ज अन्य मामलों में भी बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। सपा नेता आजम खान के खिलाफ दर्ज फांसीघर की जमीन कब्जाने के मामले में बुधवार को सुनवाई नहीं हो सकी। अब इस मामले की सुनवाई 23 दिसंबर को होगी।

पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम खान के खिलाफ दर्ज वोटरों को धमकाने के मामले में भी सुनवाई टल गई। बुधवार को गवाह नहीं पहुंचा, जिसके चलते अब इस मामले की सुनवाई भी 23 दिसंबर को निर्धारित की गई है। दोनों ही मामलों की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट में चल रही है।

Also Read: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती: लिखित परीक्षा की तारीख घोषित, 14 और 15 मार्च 2026 को होगा आयोजन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.