‘पत्ता-पत्ता, बूटा-बूटा हाल हमारा…’ जेल से बाहर आते ही भावुक हुए आजम खान

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान मंगलवार सुबह सीतापुर जेल से रिहा हो गए। करीब दो साल बाद जेल से बाहर आते ही वह भावुक नजर आए। उन्होंने अपने समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा, “पत्ता-पत्ता, बूटा-बूटा हमारी हालत जानता है।”

सियासी अटकलों पर नहीं दिया जवाब

आजम खान को लेने के लिए उनके दोनों बेटे अदीब आजम खान और अब्दुल्ला आजम सहित कई समर्थक सीतापुर जेल पहुंचे थे। बसपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह अभी अपनी सेहत का ध्यान रखेंगे, और उसके बाद ही तय करेंगे कि आगे क्या करना है। रामपुर में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है, क्योंकि शाम तक आजम खान के शहर पहुंचने की उम्मीद है।

akhilesh yadav

आजम की रिहाई पर सपा और मुस्लिम नेताओं की प्रतिक्रिया

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई का स्वागत करते हुए कहा कि उन पर दर्ज सभी झूठे मुकदमे सपा सरकार आने पर वापस लिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आजम खान ने भाजपा के खिलाफ लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने बसपा में जाने की खबरों को ‘अफवाह’ बताया।

वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आजम खान को सलाह दी कि वह अपनी एक नई राजनीतिक पार्टी बनाएं। उन्होंने कहा कि अगर वह ऐसा करते हैं तो प्रदेश का मुसलमान उनके साथ खड़ा नजर आएगा और इससे अखिलेश यादव को उनकी अहमियत का अंदाजा हो जाएगा।

मुरादाबाद से सपा सांसद रुचि वीरा ने आजम खान की रिहाई को ‘न्याय की जीत’ बताया। उन्होंने कहा कि हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था।

Also Read: Lucknow News: ट्रक-पिकअप की भीषण टक्कर में चालक की दर्दनाक मौत, गैस कटर से निकाला गया शव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.