Rampur News: जेल में आजम खान की बिगड़ी तबीयत, मेडिकल जांच कराने से किया इनकार
Rampur News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान की तबीयत अचानक बिगड़ गई है, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तबीयत खराब होने की सूचना पर जिला अस्पताल से विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम उन्हें देखने के लिए जेल पहुँची, लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि आजम खान ने मेडिकल जांच कराने से साफ इनकार कर दिया।
जेल प्रशासन ने मांगी थी विशेष टीम
दरअसल, सपा नेता की तबीयत बिगड़ने के बाद जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल के सीएमएस (CMS) को एक पत्र भेजकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भेजने का आग्रह किया था। इसके बाद जिला अस्पताल ने तुरंत एक सर्जन, एक फिजिशियन और एक ऑप्थैल्मिक (आँख) विशेषज्ञ की टीम जेल भेजी।
बिना परीक्षण लौटी डॉक्टरों की टीम
डॉक्टरों की टीम जब जेल पहुँची और जांच के लिए आगे बढ़ी, तो आजम खान ने अपना इलाज कराने से इनकार कर दिया। नतीजतन, डॉक्टरों की टीम बिना सपा नेता का कोई भी परीक्षण किए वापस लौट आई।
जिला अस्पताल अधीक्षक डॉ. वीसी सक्सेना ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया, जेल द्वारा आजम खान के चिकित्सीय परीक्षण हेतु टीम मांगी गई थी। टीम को भेजा भी गया, लेकिन उन्होंने दिखाने से मना कर दिया।
Also Read: कांग्रेस नेता की कार से 105 लीटर शराब जब्त, जिला महामंत्री अश्विनी मानिकपुरी समेत तीन गिरफ्तार

