आजम खान के परिवार में मौत से छाया मातम, बेटे समेत जेल से आएंगे बाहर?
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी भाभी सलमा शहनाज का निधन हो गया है। इस दुखद घड़ी में, परिजनों ने रामपुर जिला प्रशासन से मांग की है कि आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अस्थायी पैरोल दी जाए।
जेल से पैरोल की अपील
सपा महासचिव आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम इस समय रामपुर जिला जेल में बंद हैं। परिजनों ने रामपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि दोनों को 4 घंटे की पैरोल दी जाए।
पत्र के अनुसार, सलमा शहनाज का दफन 15 दिसंबर को शाम 4 बजे मुमताज पार्क के सामने स्थित कब्रिस्तान में किया जाएगा। इसलिए, परिवार ने दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक की पैरोल देने की अपील की है।
मानवीय आधार पर विचार की अपील
परिजनों द्वारा जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि सलमा शहनाज, (पत्नी शरीफ खां) आजम खान की सगी बड़ी भाभी और अब्दुल्ला आजम की ताई थीं, जो रामपुर के थाना गंज क्षेत्र की निवासी थीं।
पत्र में प्रशासन से मानवीय और वैधानिक अधिकार के आधार पर इस मांग पर विचार करने की अपील की गई है, ताकि दोनों धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपनी दिवंगत भाभी के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें। यह पत्र फरहान अली की ओर से जिला प्रशासन को सौंपा गया है।
अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं कि क्या आजम खान और अब्दुल्ला आजम को मानवीय संवेदनाओं से जुड़े इस मामले में सीमित समय की पैरोल की अनुमति मिलती है या नहीं।
Also Read: Sambhal News: 50,000 के इनामी बदमाश इमरान गिरफ्तार, मुठभेड़ में सिपाही भी घायल

