Azamgarh News: भूपेंद्र चौधरी का विपक्ष पर वार, ‘केजरीवाल पैटर्न की राजनीति नाकाम साबित होगी’
'कांग्रेस हताश, मां का अपमान करने वाली राजनीति देश नहीं सहेगा'
Sandesh Wahak Digital Desk: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने गुरुवार को आज़मगढ़ में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि “मां का अपमान करने वाली राजनीति देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।”
वे बड़ा गणेश मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित कर रहे थे, जो भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय के पिता आद्या प्रसाद राय की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित की गई थी।
कार्यक्रम में श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद चौधरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को लेकर की गई टिप्पणी शर्मनाक है और पूरे भारतीय समाज का अपमान है।
“यह सिर्फ मोदी जी की मां का नहीं, पूरे भारतीय समाज की संस्कृति का अपमान है।
जो लोग मां-बाप की इज्जत पर हमला करते हैं, उन्हें देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस आज पूरी तरह हताश और दिशाहीन हो चुकी है।”
विपक्ष को बताया “केजरीवाल पैटर्न” का अनुयायी
भूपेंद्र चौधरी ने विपक्षी दलों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज कांग्रेस और उसके सहयोगी दल ‘नकारात्मकता की राजनीति’ कर रहे हैं।
“चुनाव आयोग पर सवाल उठाना, जनादेश का अपमान करना—यह कांग्रेस और विपक्ष की आदत बन चुकी है। यह वही ‘केजरीवाल पैटर्न’ है, जिसे देश की जनता कई बार नकार चुकी है,” उन्होंने कहा।
बिहार चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान
प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार चुनाव को लेकर विश्वास जताया कि भाजपा एक बार फिर विकास के एजेंडे पर चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार फिर से बनेगी।
“जनता का आशीर्वाद और मोदी जी का नेतृत्व—यही भाजपा की ताकत है। हमारा फोकस हमेशा विकास और सुशासन पर रहा है, और रहेगा।”
श्रद्धांजलि सभा बना शक्ति प्रदर्शन
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता की भारी भीड़ उमड़ी। मंच से लेकर सभा स्थल तक भाजपा समर्थकों के नारों से वातावरण गूंज उठा और श्रद्धांजलि सभा एक बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गई।
रिपोर्ट: राम अवतार उपाध्याय, आज़मगढ़

