आजमगढ़ DM पर एक्सईएन की पिटाई का आरोप, अभियंता ने कहा- कैंप ऑफिस में बुलाकर मारा डंडा

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अरुण सचदेव ने जिलाधिकारी (DM) रविंद्र कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सचदेव का कहना है कि उन्हें कैंप ऑफिस में बुलाकर डंडे से मारा गया, जिससे उनके आत्मसम्मान को गहरी ठेस पहुंची है।

क्या है पूरा मामला

13 जून की शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य सचिव की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मीटिंग हुई थी, जिसमें बाढ़ प्रभावित गांवों की सूची और विस्थापित लोगों की जानकारी मांगी गई थी। बैठक के बाद अरुण सचदेव को कैंप ऑफिस बुलाया गया। वहां स्टेनो द्वारा निर्देश दिया गया कि मोबाइल जमा करके डीएम के कमरे में प्रवेश करें।

अभियंता का आरोप है कि डीएम ने उनसे अभद्रता करते हुए कहा, तुम खुद को हीरो समझते हो? तुमसे बड़ा हीरो मैं हूं। इसके बाद, उन्होंने कथित रूप से डंडे से दो-तीन बार मारा और कहा, कुछ नहीं कर पाओगे, जो कहना है कह दो। इसके बाद उन्हें कमरे से बाहर निकाल दिया गया।

चीफ इंजीनियर को भेजी शिकायत

इस पूरे मामले की शिकायत अरुण सचदेव ने विभाग के चीफ इंजीनियर और लखनऊ स्थित विभागाध्यक्ष को भेजी है। उन्होंने मांग की है कि इस तरह के अपमानजनक व्यवहार को गंभीरता से लिया जाए और उनका स्थानांतरण किसी अन्य जिले में किया जाए। अरुण सचदेव ने कहा, DM के इस बर्ताव से मेरा आत्मसम्मान आहत हुआ है। एक वरिष्ठ अधिकारी के रूप में यह मेरे अधिकारों का हनन है। ऐसी घटनाएं कर्मचारियों के मनोबल को तोड़ती हैं। इस मामले में अभी तक डीएम रविंद्र कुमार या जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Also Read: IED ब्लास्ट में सीआरपीएफ जवान सत्यवान कुमार शहीद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.