Azamgarh News: नकली उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले में पुलिस और ब्रांड कंपनियों की संयुक्त कार्रवाई में नकली उत्पाद तैयार करने वाली एक अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ है।

यह फैक्ट्री पतंजलि, फ्रीडम और हार्पिक जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के नाम पर नकली सामान तैयार कर बाजार में बेच रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद, पैकेजिंग सामग्री और केमिकल बरामद किए हैं।

ब्रांडेड बोतलों में भरा जा रहा था लूज केमिकल और तेल

जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री में लूज सरसों तेल और रासायनिक पदार्थों को भरी हुई बोतलों में डालकर, उन पर ब्रांडेड कंपनियों के स्टीकर चिपकाए जा रहे थे।

फैक्ट्री पूरी तरह अवैध रूप से संचालित हो रही थी — मौके से कोई वैध लाइसेंस या पंजीकरण दस्तावेज नहीं मिला।

बरामदगी में शामिल हैं:-

  • 480 भरी और 120 खाली हार्पिक बोतलें

  • 2 टीन लूज हार्पिक केमिकल

  • 80 फ्रीडम और 82 पतंजलि ब्रांड की तेल की बोतलें

  • 210 खाली तेल की बोतलें

  • 15 लीटर लूज सरसों तेल

  • 2248 स्टीकर (850 पतंजलि और 1652 फ्रीडम के)

  • 46 बोतल के ढक्कन

जब्त सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹50,000 बताई जा रही है।

एक आरोपी हिरासत में, कॉपीराइट एक्ट में मुकदमा दर्ज

मौके से आरोपी सन्नी गौड़, निवासी कदन पट्टी, सरायमीर, को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

पतंजलि कंपनी के जांच अधिकारी नीरज गौड़ की तहरीर पर पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नकली उत्पादों की सप्लाई किन-किन बाजारों में की जा चुकी है और इस गोरखधंधे से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय

Also Read: Jaunpur News: पारिवारिक कलह से क्षुब्ध महिला ने तीन बच्चों के साथ खाया ज़हर, एक की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.