Azamgarh: पारिवारिक कलह में युवक ने मां और बच्चों को मारी गोली, तीन की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले के जहानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10, सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में पारिवारिक कलह से परेशान एक युवक ने अपनी मां, बेटे और बेटी को गोली मार दी, और फिर खुद को भी खत्म कर लिया। इस खौफनाक वारदात में मां और युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल पहुंचने पर उसके बेटे को भी मृत घोषित कर दिया गया।

क्या हुआ था?

जानकारी के मुताबिक, सरदार वल्लभ भाई पटेल मोहल्ले का रहने वाला 32 वर्षीय नीरज पांडेय अपने परिवार के साथ वाराणसी में रहता था। वह एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। करीब एक हफ्ता पहले उसकी पत्नी बच्चों के साथ गांव आई थी, और सोमवार शाम को नीरज भी वाराणसी से घर पहुंचा था।

मंगलवार दोपहर किसी बात को लेकर हुए विवाद में नीरज ने पहले अपनी 55 वर्षीय मां चंद्रकला, 7 वर्षीय बेटी शुभी पांडेय और 4 वर्षीय बेटे संघर्ष पांडेय को गोली मार दी। इसके बाद, नीरज ने खुद को भी गोली मारकर मौत के घाट उतार लिया।

मौके पर पहुंची पुलिस

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को एंबुलेंस से जहानागंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डॉक्टरों ने नीरज और उसकी मां चंद्रकला को मृत घोषित कर दिया। बेटी शुभी पांडेय और बेटे संघर्ष पांडेय की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हालांकि, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने संघर्ष पांडेय को भी मृत घोषित कर दिया। शुभी पांडेय का इलाज अभी जारी है और बताया जा रहा है कि उनकी हालत स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी मौके से बरामद कर ली है।

एसएसपी हेमराज मीना का बयान

इस पूरे मामले पर आजमगढ़ के एसएसपी हेमराज मीना ने बताया कि शुरुआती जांच में यह घटना पारिवारिक कलह और शराब के नशे के कारण हुई प्रतीत होती है। उन्होंने पुष्टि की कि नीरज और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दोनों बच्चों को इलाज के लिए भेजा गया था। दुर्भाग्य से, नीरज के बेटे की भी जान नहीं बचाई जा सकी। शुभी पांडेय को भी पेट में गोली लगी है, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Also Read: राष्ट्रपति ने यूपी को दी पहले आयुष विश्वविद्यालय की सौगात, CM योगी और राज्यपाल रहीं…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.