Azamgarh News: मासूम की रहस्यमयी मौत, 7 वर्षीय लापता शाज़ेब का शव बरामद, इलाके में दहशत का माहौल

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक दिन पहले लापता हुआ 7 वर्षीय मासूम शाज़ेब अली मृत अवस्था में पाया गया।

उसका शव हाइडिल चौराहे के पास बरामद हुआ, जो आमतौर पर भीड़-भाड़ वाला इलाका माना जाता है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश फैल गया।

क्या है पूरा मामला?

मृतक शाज़ेब अली, पठान टोली निवासी मुकर्रम अली का बेटा था। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह अचानक लापता हो गया था।

परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और सोशल मीडिया के जरिए भी उसकी तलाश में लोगों से मदद मांगी।

परिजन पूरी रात उसे ढूंढते रहे, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब उसका शव हाइडिल चौराहे के पास मिला, तो पूरे इलाके में कोहराम मच गया।

पुलिस और प्रशासन मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण चिराग जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए छह से अधिक थानों की फोर्स को तैनात किया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को शांत कराया और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

रहस्यमयी मौत, कई सवाल

मासूम की रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं:

  • क्या शाज़ेब का अपहरण किया गया था?

  • क्या ये पूर्व नियोजित हत्या है?

  • घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में कैसे हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी?

पुलिस फिलहाल हर संभावित एंगल से जांच कर रही है — सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, इलाके के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

परिवार में कोहराम, इलाके में भय का माहौल

शाज़ेब की मौत से परिवार में गहरा शोक है। परिजन बदहवासी की हालत में हैं और इंसाफ की मांग कर रहे हैं।

वहीं, इलाके के लोग दहशत में हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब बच्चों की सुरक्षा ही नहीं है तो कैसे चैन से जिएं।

रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय

Also Read: Bulandshahr News: पुलिस के डर से प्रेमी ने प्रेमिका को गोली मारी, फिर खुद भी दी जान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.