Azamgarh News: सड़क किनारे बोरी में मिला प्रतिबंधित मांस, इलाके में मची सनसनी
Azamgarh News: आज़मगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर ग्रामसभा में प्रतिबंधित मांस तस्करी का मामला सामने आया है। बीती रात लगभग 3 बजे तीन तस्कर बोरी में मांस लेकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ी और उन्होंने शोर मचा दिया।
हड़कंप मच गया
शोर सुनते ही तस्कर घबरा गए और सड़क किनारे दो बोरी में रखा मांस फेंककर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर जहानागंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोरियों में मिले मांस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने प्रतिबंधित मांस को जांच के लिए भेजते हुए अज्ञात तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी क्षेत्र में सामने आ चुकी हैं। उनका आरोप है कि तस्कर देर रात और तड़के सुबह अक्सर इस मार्ग से गुजरते हैं। लोगों ने मांग की है कि पुलिस इस इलाके में नियमित गश्त बढ़ाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात तस्करों की तलाश तेज कर दी है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय
Also Read: Bijnor News: सरकारी आवास में नायब तहसीलदार ने खुद को मारी गोली, इलाज के दौरान हुई मौत

