Azamgarh News: बुजुर्ग दंपति ने थानाध्यक्ष पर लगाया गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
Azamgarh News: जिले के पवई थाना क्षेत्र में पुलिस उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। 65 वर्षीय तारा देवी ने आरोप लगाया है कि पवई थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों ने उनके पति विद्यासागर पांडेय को तीसरी मंज़िल से नीचे फेंक दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मामला कोर्ट के संज्ञान में आने के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर तत्कालीन पवई थानाध्यक्ष अनिल सिंह, उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार मिश्र, कांस्टेबल बृजेश तिवारी, दो अज्ञात सिपाही और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है मामला?
पीड़िता तारा देवी ने बताया कि 6 अगस्त 2024 की रात करीब डेढ़ बजे, जब वे अपने भाई के घर कोलघाट में ठहरी हुई थीं, तभी पुलिसकर्मी उनके घर आ धमके। पुलिस उनके बेटे के बारे में पूछताछ करने लगी और आरोप लगाया कि उसने एक लड़की को भगाया है।
आरोप है कि थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने उनके पति विद्यासागर पांडेय को लाठी-डंडों से पीटा और फिर तीसरी मंज़िल से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर चोट लगने पर पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराकर चुपचाप चले गए।
तारा देवी का कहना है कि बाद में थानाध्यक्ष ने घर आकर इलाज के लिए 23,000 रुपये जबरन थमाने की कोशिश की और धमकी भी दी। लेकिन उन्होंने पैसे लेने से इनकार कर दिया।
कोर्ट में गुहार
पीड़िता ने पहले एसएसपी आज़मगढ़, मुख्यमंत्री कार्यालय और अन्य उच्च अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने पर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर 12 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर जांच का आदेश दिया गया है।
तारा देवी का आरोप है कि उनके पति अभी भी बिस्तर पर हैं और उन्हें न्याय चाहिए। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।
Also Read: नया GST लागू होने के बाद सस्ती हो जाएंगी दवाएं, NPPA ने दवा कंपनियों के लिए जारी किए निर्देश

