Azamgarh News: ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का भंडाफोड़, साइबर ठग गिरफ्तार, 44 एटीएम कार्ड और 15 चेकबुक बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी लूडो बैटिंग एप के जरिए लोगों से ठगी करने वाले साइबर अपराधी सूरज प्रजापति (निवासी नसीरपुर खालसा, थाना निजामाबाद-आज़मगढ़) को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में एटीएम कार्ड, चेकबुक और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।
फर्जी लूडो बेटिंग ग्रुप बनाकर करता था धोखाधड़ी
अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर) विवेक त्रिपाठी ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर ठगी की शिकायत मिलने पर मामले की जांच साइबर थाना को सौंपी गई।
जांच में खुलासा हुआ कि सूरज प्रजापति टेलीग्राम पर फर्जी लूडो बेटिंग एप ग्रुप बनाकर लोगों को अधिक पैसा कमाने का लालच देता था।
वह लोगों को अपने ग्रुप में जोड़कर टेबल लगवाता, बेटिंग कराता और फिर अपने उपलब्ध कराए गए बैंक खातों में रुपये जमा करवाकर ठगी करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि एनसीआरपी पोर्टल पर सूरज प्रजापति के खिलाफ कुल 13 शिकायतें दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
घर से ही दबोचा, भारी मात्रा में सामान बरामद
साइबर थाना पुलिस ने दबिश देकर सूरज को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से
-
7 मोबाइल फोन
-
16 बैंक पासबुक
-
15 चेकबुक
-
44 एटीएम कार्ड
-
दो मुहरें
-
एक डायरी
-
दो बारकोड मशीन बरामद की गईं।
कई फर्जी ग्रुप संचालित करता था आरोपी
एएसपी विवेक त्रिपाठी के अनुसार सूरज कई फर्जी टेलीग्राम आईडी और ग्रुप संचालित करता था, जिनमें शामिल हैं — महादेव लूडो एप, आरपी लूडो वर्ल्ड, लूडो जंक्शन, लूडो किंग बैटिंग, किंग लूडो क्लब, निशा लूडो क्लब, सुपर स्टार लूडो क्लब आदि।
गिरफ्तार करने वाली टीम
गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल थे — थाना प्रभारी देवेन्द्र प्रताप सिंह, विभा पांडेय, संजय कुमार, सभाजीत मौर्या, एजाज खान, महिपाल यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और सूरज के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
Also Read: Bhadohi News: 5.57 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा, बैंक मैनेजर समेत चार के खिलाफ FIR दर्ज

