Azamgarh News: पवन सिंह के नाम पर 14 लाख की ठगी, म्यूजिक शो का झांसा देकर कलाकार को लगाया चूना

Azamgarh News: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह की लोकप्रियता का फायदा उठाकर जालसाजों ने ठगी का एक नया जाल बुना है। आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाने में एक म्यूजिक आर्टिस्ट से 14 लाख रुपये ऐंठने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

अमेठी के रहने वाले दिव्यांश सिंह उर्फ कबीर एक प्रोफेशनल गिटारिस्ट हैं और लखनऊ में अपना म्यूजिकल बैंड चलाते हैं। कबीर एक बड़ा शो आयोजित करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कुछ ऐसे लोगों से हुई जिन्होंने दावा किया कि उनकी पहुंच सीधे पवन सिंह तक है। आरोपियों ने कबीर को झांसा दिया कि वे 31 दिसंबर 2024 (न्यू ईयर ईव) के लिए पवन सिंह का प्रोग्राम बुक करवा देंगे। आरोपियों ने भरोसे में लेकर 9 लाख रुपये निहाल सिंह नाम के युवक की मां के खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद टेंट, स्टेज और मार्केटिंग के नाम पर 5 लाख रुपये और वसूल लिए गए। कुल मिलाकर कबीर ने 14 लाख रुपये खर्च कर दिए।

मैनेजर के फोन ने खोल दी पोल

जब कबीर ने शो की पुख्ता जानकारी के लिए पवन सिंह के मैनेजर से संपर्क किया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मैनेजर ने बताया कि ऐसी किसी बुकिंग के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जब कबीर ने आरोपियों से संपर्क करना चाहा, तो सबके फोन बंद मिले। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने एसएसपी से गुहार लगाई। एसएसपी के निर्देश पर अतरौलिया पुलिस ने निहाल सिंह, निशांत सिंह, नितिन सिंह और अमन सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बैंक ट्रांजैक्शन के सबूत मिल चुके हैं और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Also Read: धोखाधड़ी मामले में विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.