Azamgarh News: दलित युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या से सनसनी, पुरानी रंजिश की आशंका

Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धनारबांध गांव में रविवार रात एक दलित युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय जयहिन्द कुमार (पुत्र सागर राम) के रूप में हुई है। इस नृशंस हत्या से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

टहलने निकला था, घेरकर की गई हत्या

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 7:30 बजे जयहिन्द अपने घर से रोज़ की तरह टहलने निकले थे। कुछ देर बाद गांव के सीवान में अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।

घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई जब किसी अज्ञात व्यक्ति ने आकर बताया कि उन पर हमला हुआ है।

परिजन जब मौके पर पहुंचे तो जयहिन्द खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़े थे। वह हाल ही में दिल्ली से घर लौटे थे और परिवार के साथ कुछ समय बिताने आए थे।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सबसे मार्मिक पहलू यह रहा कि जयहिन्द की दादी की त्रयोदशी सोमवार को होनी थी, लेकिन उससे एक दिन पहले ही यह दिल दहला देने वाली घटना घट गई, जिससे परिवार में दोगुना मातम छा गया।

पुलिस को दी गई नामजद तहरीर, रंजिश की आशंका

परिजनों ने हत्या को पुरानी रंजिश या आपसी विवाद से जोड़ते हुए पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी है। पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

जहानागंज थाने के नए थानाध्यक्ष के कार्यभार संभालने के कुछ ही दिन बाद हुई यह घटना, पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। ग्रामीणों ने भी इस हत्या को पुलिस को सीधी चुनौती बताया है।

पुलिस और प्रशासन मौके पर सक्रिय, फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम, और जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया,

“सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।”

गांव में भय और असुरक्षा का माहौल

इस वारदात से गांव में सन्नाटा और दहशत फैल गई है। लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं — कुछ इसे प्रेम प्रसंग से जोड़ रहे हैं, तो कुछ पुरानी दुश्मनी का नतीजा बता रहे हैं। क्षेत्रीय जनता ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय

Also Read: Jaunpur News: बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत नाजुक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.